सेना के तरकश में ‘पार्थ’, नहीं बचेंगे आतंकी

By: Feb 10th, 2020 12:07 am

डिफेंस एक्स्पो में दिखाया गया गन शॉट लोकेटर, छिपे आतंकियों की लोकेशन का देगा पता

लखनऊ –आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान अकसर उनके छिपने की जगह का पता लगाने में मुश्किल आती है। एनकाउंटर के वक्त कई बार आतंकी सुरक्षाबलों के आसपास होते हैं, लेकिन उनका पता नहीं चल पाता है। छिपे हुए आतंकी जवानों को अपनी गोलियों का निशाना बनाते हैं। अब आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सुरक्षाबलों के पास एक ऐसा हथियार आने वाला है, जिससे न तो वह छिप पाएंगे और न ही बच पाएंगे। पार्थ गन शॉट लोकेटर नाम की इस स्वदेशी डिवाइस से आतंकियों का बच पाना लगभग नामुमकिन होगा। लखनऊ में चल रहे डिफेंस एक्सपो के दौरान भारतीय सेना ने इसका नमूना दिखाया। महाभारत के चर्चित पौराणिक किरदार अर्जुन को श्रीकृष्ण अकसर पार्थ के नाम से पुकारते थे। अर्जुन की ख्याति ऐसे धनुर्धर के रूप में थी, जिनका निशाना अचूक होता था। उनके पास गांडीव नाम का धनुष था, जिसकी बदौलत उन्होंने महाभारत के युद्ध में अपना अदम्य शौर्य दिखाया था। इसी तर्ज पर भारतीय सेना के गांडीव में अब पार्थ जैसा सटीक और अचूक अस्त्र आने जा रहा है, जिसके आगे आतंकी पनाह मांगते नजर आएंगे। आर्मी इंस्टीच्यूट और एक प्राइवेट फर्म ने संयुक्त रूप से इस डिवाइस का निर्माण किया है। यह गन शॉट लोकेटर 400 मीटर की दूरी से हो रहे फायर की सटीक लोकेशन बता सकता है। इसकी बदौलत सुरक्षाबलों पर छिपकर गोली चला रहे आतंकियों तक पहुंचना आसान होगा। डिवाइस की मदद से एनकाउंटर या किसी ऑपरेशन के दौरान आतंकी को लोकेट करके उसे ढेर करने में काफी मदद मिलेगी। भारतीय सेना के मेजर अनूप मिश्रा ने डिफेंस एक्सपो के दौरान इस अनूठे डिवाइस का ट्रेलर दिखाया।

विदेशी डिवाइस के मुकाबले 20 गुना सुस्ता

खास बात यह है कि देश में ही निर्मित यह गन शॉट लोकेटर काफी किफायती है। विदेश में बने गन शॉट लोकेटर के मुकाबले यह 20 गुना से ज्यादा किफायती है। जहां एक ओर इसी तरह के उपकरण को विदेश से मंगाने पर तकरीबन 65 लाख रुपए का खर्चा आता है, वहीं इस स्वदेशी गन शॉट लोकेटर को बनाने में करीब तीन लाख का ही खर्चा आएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App