स्मार्ट सिटी…स्मार्ट स्पीड…31 तक टेंडर

By: Feb 26th, 2020 12:20 am

अप्रैल माह से जमीन पर नजर आएगा प्रोजेक्ट, बीओडी ने 130 करोड़ की आठ परियोजनाओं को शुरू करने के लिए दी है हरी झंडी

शिमला –शिमला में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए जाने वाले कार्यों को अब जल्द शुरू किया जाएगा। नगर निगम द्वारा 31 मार्च तक सभी प्रोजेक्टों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जानी है। ऐसे में यह साफ है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही अप्रैल माह में इस प्रोजेक्ट के कार्य जमीनी स्तर पर दिखने शुरू हो जाएंगे। हाल ही में (बीओडी) की बैठक में स्मार्ट सिटी के 130 करोड़ रुपए के आठ प्रोजेक्टों को शुरू करने की प्रशासनिक मंजूरी भी दी गई है। इसके अलावा बीओडी ने करीब 450 करोड़ के प्रोजेक्टों को भी मंजूरी दी गई है। अब नगर निगम पूरी तरह से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में काम कर रहे विभागों द्वारा कार्य शुरू करने के लिए किसी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा। स्मार्ट सिटी के एमडी पंकज राय ने भी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से शमिल विभागों को भी निर्देश दिए हैं कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के लिए किए जाने वाले कार्य में तेजी लाएं। शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित प्रोजेक्ट अब जमीन पर दिखने शुरू हो जाएंगे। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में छोटा शिमला से कुसुम्पटी से एलीवेटिव वॉक बनाई जाएगी, जबकि बालूगंज में सड़क को चौड़ा कर स्मार्ट स्कूल बनाने, रिज मैदान पर गांधी की प्रतिमा के पास म्यूजिकल फव्वारे लगाने और वार्ड की नालियों को दुरुस्त किया जाएगा, यह कार्य जल्द शुरू किया जाना है। वहीं खास बात तो यह है कि इस बार बीओडी की बैठक में यह अहम निर्णय यह भी रहा था कि शिमला शहर को स्मार्ट बनाने के लिए शहर में कार्यान्वित किए जा रहे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्टों के कार्यालय में किसी भी तरह के कागज का इस्तेमाल नहीं होगा। स्मार्ट सिटी का हर प्रोजेक्ट पेपरलैस होगा। सरकार ने आदेश दिया है कि स्मार्ट सिटी का काम सच में स्मार्ट होना चाहिए।

पीडीएफ फार्मेट में दिए जाएंगे पत्राचार

प्रोजेक्ट की रिपोर्ट तैयार करने से लेकर सभी तरह के पत्राचार पीडीएफ फार्मेट में दिए जाएंगे, ताकि कागज का इस्तेमाल न हो और कागज बचाकर शहर को स्मार्ट बनाया जा सके। निगम द्वारा स्मार्ट सिटी में 28 प्रोजेक्टों पर काम किया जा रहा है। इनमें सभी प्रोजेक्टों की अलग-अलग फाइलें बन रही हैं और हजारों की संख्या में कागजों का इस्तेमाल हो रहा है। लाखों रुपए इसमें निगम के लग रहे हैं। पेपरलैस होने के बाद यह निगम के लिए जहां खर्च कम करेगा, वहीं काम भी तेजी से होगा। पेपरलैस काम को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम शिमला भी ई-प्रणाली से जुड़ने जा रहा है। नगर निगम शिमला भी ई-नगर निगम शिमला हो जाएगा। इस प्रणाली को अपनाने के बाद निगम के सभी काम ऑनलाइन हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App