हरियाणा में भाजपा नेत्री की हत्या

By: Feb 10th, 2020 12:02 am

पति ने मारी गोली; बीवी के चरित्र पर था शक, आरोपी मौके से फरार

गुरुग्राम –हरियाणा के गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी की एक महिला नेता की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की वारदात सामने आई है। हत्या का आरोप पति पर ही लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पति फरार बताया जाता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका मुनेश भाजपा किसान मोर्चा की पदाधिकारी थीं। बताया जाता है कि मुनेश गोदारा भाजपा महिला मोर्चा में कई पदों पर रह चुकी थीं। वह फिलहाल पार्टी के किसान मोर्चा में महामंत्री के पद पर थीं। मुनेश के राजनीति में सक्रिय होने के कारण अकसर बाहर जाना और लोगों से मिलना-जुलना होता रहता था। यह पति सुनील गोदारा को यह पसंद नहीं था। पति सुनील को उसके चरित्र पर भी शक था। वह शनिवार की रात को जब घर लौटा, तो मुनेश अपनी बहन से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। वह पत्नी को किसी से वीडियो कॉल पर बात करते देख आपे से बाहर हो गया। इस पर पति सुनील और मुनेश के बीच वाद-विवाद शुरू हो गया। बातों ही बातों में उसने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और एक के बाद एक दो गोलियां पत्नी मुनेश को निशाना बनाकर दाग दीं। दोनों गोलियां मुनेश को सीने में लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंचे। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जाता है कि घटना के वक्त आरोपी पति सुनील गोदारा शराब के नशे में धुत था।

अकसर फोन पर बात करने पर करता था हंगामा

मुनेश के भाई ने आरोप लगाया कि सुनील उसकी बहन को शादी के बाद से ही मानसिक रूप से परेशान करता था। दोनों की शादी साल 2001 में हुई थी। वह सेना से रिटायर होने के बाद एक सुरक्षा एजेंसी में पीएसओ के तौर पर कार्यरत था। भाई के अनुसार, मुनेश अपनी सहेली के कहने पर साल 2013 में भाजपा से जुड़ी थीं। वह महिला मोर्चा में भी कई पदों पर रहीं। भाई ने आरोप लगाया कि वह घर भी बात करती थी, तो पति हंगामा करता था। मुनेश के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्यारोपी पति की तलाश की जा रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App