17 तक छुट्टी पर रहेंगे इंद्रदेव

By: Feb 15th, 2020 12:22 am

न्यूनतम तापमान लुढ़का; अधिकतम में आया उछाल, 18 को बारिश के आसार

शिमला –जिला शिमला में अगले सप्ताह के दौरान मौसम फिर से कडे तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो जिला शिमला में 18 से 20 फरवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि जिला में 17 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा। जिला शिमला में शुक्रवार को भी मौसम साफ बना रहा। दिन  के  समय अधिकांश क्षेत्रों में चटक धूप खिली रही। धूप से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से शिमला में दिन के समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। शिमला में लोगों को दिन के समय गर्मी से बचते हुए देखा गया। शिमला के अधिकतम तापमान में उछाल आया है, मगर न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। शिमला के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। शिमला का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर सात डिग्री तक पहुंच गया है, जो बीते गुरुवार 11 डिग्री से पार हो गया था। कुफरी के तापमान में भी बीते गुरुवार के मुकाबले गिरावट आई है। ऐसे में सुबह व शाम के समय फिर से ठंड का प्रकोप बढ गया है।

जिला में सामान्य से अधिक चल रहा तापमान

जिला शिमला में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से चार और अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री अधिक चल रहा है। मौसम में अगर करवट आती है तो तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App