27 मिनट में 50 बार लिया भारत का नाम

By: Feb 25th, 2020 12:03 am

भारत के दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की एकता की तारीफ की। उन्होंने अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में कहा कि भारत की एकता विश्व के लिए प्रेरणादायी है। इसके साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद के कथन को याद करते हुए कहा कि भारत और अमरीका स्वाभाविक सहयोगी हैं। अपने 27 मिनट के भाषण में राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत शब्द का बार-बार जिक्र किया और 50 बार यह नाम दोहराया। राष्ट्रपति ट्रंप के भाषण में साइंस, टेक्नोलॉजी, बॉलीवुड, चायवाला, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, सरदार पटेल, विवेकानंद और ताजमहल का भी जिक्र हुआ।

क्रिकेट का भी जिक्र

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत आज अपने लोगों में विश्वास जताता है, जो कि अमरीका और हिंदुस्तान को एक जैसा बनाता है। अमरीका और भारत में कई समानताएं हैं, जिसमें हर व्यक्ति को एक समान माना गया है। अमरीकी राष्ट्रपति ने इस दौरान स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी का भी जिक्र किया। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने भाषण में क्रिकेट का भी जिक्र किया। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत ने दुनिया को सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी दिए हैं,जो दुनिया के लिए हीरो हैं।

याद किया बालीवुड

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी स्पीच में कहा कि भारतीय सिनेमा का आकार बहुत बड़ा है। यहां हर साल लगभग दो हजार से अधिक फिल्में बनती हैं। बालीवुड का पूरी दुनिया में स्वागत किया जाता है। यहां की फिल्मों में भांगड़ा और म्यूजिक बेहतरीन होता है। उन्होंने शाहरुख खान और काजोल की फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और शोले की भी तारीफ की।  बता दें पिछले दिनों डोनाल्ड ट्रंप ने आयुष्मान खुराना की फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान की भी सराहना की था।

इन जगहों का लिया नाम

ट्रंप ने कहा कि भारत को प्रकृति का आशीर्वाद प्राप्त है, यहां गंगा, गोल्डन टेंपल, जामा मस्जिद समेत कई बड़े ऐतिहासिक इमारतें यहां पर हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, यहां गोवा में दुनियाभर से लोग घूमने के लिए आते हैं।

भारत के त्योहारों का हवाला

ट्रंप ने इस दौरान होली, दिवाली जैसे त्योहारों का जिक्र किया। अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में आज हिंदु, जैन, मुस्लिम, सिख समेत कई धर्मों के लोग रहते हैं, जहां दर्जनों भाषाएं बोली जाती हैं। फिर भी यहां देश में एक शक्ति की तरह लोग रहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App