एक दिन की सैलरी सीएम रिलीफ फंड में दें मंत्री-विधायक-अफसर

By: Mar 14th, 2020 12:03 am

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के मंत्री, विधायकों और अफसरों से एक दिन का वेतन सीएम राहत कोष में देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लास-वन से लेकर क्लास थ्री तक के अधिकारी-कर्मचारी अपने एक दिन का वेतन सीएम राहत कोष में देकर पुण्य के भागीदार बनें। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सीएम राहत कोष को लेकर सदन में वक्तव्य जारी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में 27 दिसंबर, 2017 से अब तक 37 करोड़ 21 लाख की राशि प्राप्त हुई। इसमें से 36 करोड़ 14 लाख की राशि लाभार्थियों को वितरित की गई। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदेश के 13 हजार 870 व्यक्ति लाभान्वित हुए हैं। इसके तहत उन्होंने विवाह शादी के लिए 1725 लाभार्थी, इलाज के लिए दस हजार 849 और एक हजार 290 अन्य लाभार्थियों को राहत कोष से राशि वितरित की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्तियों के उपचार, प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान में राहत, परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु, बेसहारा विधवाओं के बच्चों के पालन-पोषण के साथ-साथ गरीब परिवारों के मेधावी छात्रों की व्यवसायिक शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के लिए इस महायज्ञ में सहयोग दें। उन्होंने मंत्रियों, सांसदों व विधायकों के साथ-साथ प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे जरूरतमंदों के इस महायज्ञ के लिए एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App