कहर ढहाने में मौसम भी पीछे नहीं

By: Mar 25th, 2020 12:01 am

शिमला  – हिमाचल में कोरोना के साथ-साथ मौसम ने भी रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के साथ-साथ पहाड़ी प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि ने भी जमकर कहर मचाया है। मौसम की मानें, तो राज्य में बुधवार को मौसम साफ  बना रहेगा, लेकिन 26 को राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से भारी बारिश व ओलावृष्टि होगी। इसके लिए विभाग द्वारा यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 30 मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान बारिश ओलावृष्टि होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप खिलने के साथ हुई थी। दिन के समय हल्की बारिश हुई, लेकिन दोपहर बाद तक मौसम साफ  रहा, लेकिन थोड़े समय बाद ही आसमान में एकाएक काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में एक से दस डिग्री तक की भारी गिरावट आई है। कांगड़ा व चंबा के तापमान में दस डिग्री तक की गिरावट आई है। इसके अलावा ऊना व डलहौजी में सात, भुंतर में आठ, धर्मशाला में चार और कल्पा में दो डिग्री तक तापमान लुढ़का है। तापमान में गिरावट आने से राज्य में दिन के समय ठंड का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे सुबह-शाम ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App