खुलेगा नौकरियों का पिटारा

By: Mar 7th, 2020 12:22 am

 20 हजार जॉब्स

275 हुई न्यूनतम दिहाड़ी, अंशकालिक कर्मियों की प्रति घंटा दरों में भी बढ़ोतरी

शिमला-सरकार ने विभिन्न विभागों, बोर्डों व निगमों में अगले वित्त वर्ष में 20 हजार पद भरने का ऐलान किया है। इसके साथ दिहाड़ीदारों को मिलने वाली न्यूनतम दिहाड़ी 250 से 275 रुपए प्रतिदिन किए जाने की घोषणा की गई है। इसके साथ अन्य दिहाड़ीदारों की इसी अनुपात में दिहाड़ी बढ़ाई जाएगी। अंशकालिक कर्मियों की प्रति घंटा दरों में भी बढ़ोतरी होगी। सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा गत दो वर्षों में विभिन्न श्रेणियों के चार हजार 278 नए पद सृजित किए गए और विभिन्न विभागों में 15 हजार 315 पद भरने की अनुमति प्रदान की गई है। सरकार विभिन्न विभागों के 20 हजार पद भी भरेगा, जिनमें डाक्टर, अध्यापक, पैरा मैडिकल स्टाफ, नर्सें, पुलिस कांस्टेबल, बिजली बोर्ड के तकनीकी पद, ड्राइवर एवं कंडक्टर, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता, राजस्व विभाग के कर्मी, पशुपालन विभाग के कर्मी, शिक्षा विभाग में पार्टटाइम वर्कर इत्यादि शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, विश्वविद्यालयों व स्वायत निकायों के नियमित, अंशकालिक, अनुबंध व दैनिक भोगी कर्मचारियों की ‘व्यक्तिगत समूह दुर्घटना बीमा योजना’ के बीमा कवर को बढ़ाया जाएगा। दुर्घटना होने पर सुनिश्चित बीमा राशि को मृत्यु अथवा पूर्ण विकलांगता पर दो लाख से पांच लाख रुपए बढ़ाया जाएगा। आंशिक क्षति की दशा में यह राशि एक लाख रुपए से बढ़ाकर दो लाख रुपए किए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को थोड़ा सा अधिक प्रीमियम देना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 70 प्रतिशत से अधिक अस्थि बाधित विकलांग एवं दृष्टिहीन सरकारी कर्मचारियों को 500 रुपए की दर से वाहन भत्ता दिया जा रहा है, वाहन भत्ते की दर 500 रुपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 750 रुपए प्रतिमाह किया जाएगा।

एक हजार पुलिस कांस्टेबल होंगे भर्ती

शिमला-पुलिस विभाग में अगले वित्त वर्ष में एक हजार कांस्टेबल भर्ती किए जाएंगे। पिछले बजट में उन्होंने 1063 कांस्टेबल के पद भरने की घोषणा की थी। आरक्षी बल शक्ति को और अधिक सशक्त करने के लिए आगामी वित्त वर्ष में पुलिस कांस्टेबल के एक हजार पद भरने का प्रस्ताव किया है। गृह विभाग, जिसमें पुलिस, गृहरक्षक, अग्निशमन तथा कारागार शामिल हैं, के लिए 1729 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। इसके साथ कर्मचारियों से लगातार आ रही मांग के दृष्टिगत नई पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को, जो दिनांक 22-09-2017 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए हैं, को मृत्यु एवं सेवानिवृत्ति उपदान देने का ऐलान किया गया है। ऐसे कर्मचारियों, जो नई पेंशन प्रणाली में आते हैं, को ग्रेच्युटी देने की घोषणा की गई है। इस निर्णय से नई पेंशन प्रणाली के अंतर्गत आने वाले 5500 से अधिक कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस प्रयोजन हेतु 110 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्ज के कल्याण के लिए हमेशा से ही प्रयासरत रही है। सीएम ने कहा कि अनुबंध कर्मचारियों को मूल वेतन जमा ग्रेड-पे जमा 125 प्रतिशत ग्रेड-पे की दर से वेतन दिया जा रहा है। आगामी वर्ष उन्हें मूल वेतन जमा ग्रेड-पे जमा 150 प्रतिशत ग्रेड-पे की दर से वेतन दिया जाएगा। इससे 22 हजार अनुबंध कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App