मेला ग्राउंड डाढ से मां चामुंडा के दर्शन

By: Mar 19th, 2020 12:23 am

मां के दर्शन को जा रहे जत्थे को उपप्रधान ने रोका और मंदिरों के बंद होने की दी जानकारी

चामुंडा-विश्व भर में फैल चुकी भयंकर बीमारी कोरोना वायरस के कारण जहां अधिकतर मंदिरों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बुधवार को बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं का जत्था चामुंडा मंदिर में माथा टेकने के लिए डाढ़ गांव में पहुंचे तो गांव के उपप्रधान ओंकार चंद व मुंशी राम ने भक्तों को विम्रतापूर्ण बताया कि मंगलवार से सभी मंदिरों को बंद कर दिया गया है। यात्रियों के साथ आए जत्थे के प्रधान मांगे लाल ने कहा कि हम पिछले दिन कांगड़ा मंदिर  में थे और रात को वहीं रुकने के बाद सुबह पांच बसों को लेकर यहां पहुंचे थे और हमें मंदिर बंद हो जाने की कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं थी। उपप्रधान ओंकार चंद की बात को सुनकर मेला ग्राउंड डाढ से ही मां चामुंडा के चरणों में हाजिरी लगाकर अपने घर के लिए वापस चले गए। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम को जिलाधीश कांगड़ा के निर्देशानुसार  मंगलवार दोपहर 12 बजे के उपरांत श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ हेतु बंद कर दिया गया।  चामुंडा मंदिर में मां की आरती, भोग, पूजा-अर्चना यथावत पूर्व की भांति ही मंदिर के पुजारियों द्वारा की गई, वहीं मंदिर के अन्य स्टाफ  द्वारा भी पुजारियों का सहयोग किया गया।  श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में हर आने-जाने वाले रास्ते व मंदिर में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिलाधीश के आदेशों के अनुसार आगामी 31 मार्च तक  मंदिर को बंद रखा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App