मेहमानों ने पकड़ी देवभूमि की राहें

By: Mar 9th, 2020 12:02 am

 हिमाचल में बढ़ने लगा सैलानियों का ग्राफ, 2018 के मुकाबले 2019 में ज्यादा पहुंचे आठ लाख पर्यटक

पालमपुर-प्रदेश में पहुंचने वाले सैलानियों के ग्राफ में फिर बढ़ोतरी होने लगी है। 2019 में प्रदेश में 2018 के मुकाबले पहुंचने वाले सैलानियों का आंकड़ा करीब आठ लाख अधिक रहा। यह इसलिए राहत की बात है, क्योंकि 2017 में रिकार्ड 196 लाख पर्यटक देवभूमि पहुंचे थे, लेकिन अगले ही वर्ष यह संख्या 32 लाख घटकर 164 लाख तक जा पहुंची थी। 2017 में देवभूमि में पहली बार सैलानियों का आंकड़ा 196.02 लाख रहा था, वहीं 2018 में प्रदेश पहुंचे पर्यटकों की संख्या 164.50 लाख रही, जो 2019 में कुछ बढ़कर 172.12 लाख तक पहुंची है। 2005 में जहां प्रदेश में कुल 71.36 लाख सैलानी अलग-अलग पर्यटक स्थलों पर भ्रमण के लिए पहुंचे, वहीं 2017 में पर्यटकों का आंकड़ा बढ़कर दो सौ लाख के करीब जा पहुंचा था। 2005 से 2018 के दौरान पर्यटकों की संख्या में करीब सवा सौ लाख से अधिक की बढ़ोतरी काफी उत्साहजनक रही और प्रदेश में आने वाले कुल पर्यटकों की संख्या में अपेक्षाकृत काफी उछाल आया। छह साल में प्रदेश आए र्प्यटकों की संख्या सालाना 160 लाख से ऊपर ही रही है, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। शिमला, कुल्लू-मनाली, धर्मशाला सहित अन्य पर्यटक स्थलों के साथ धार्मिक स्थलों की ओर पर्यटक आकर्षित हो रहे हैं, तो बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट और पालमपुर के चाय बागान भी पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। पर्यटक स्थलों पर नए होटलों का निर्माण व प्रदान की जा रही सुविधाएं अहम रोल अदा कर रही हैं। 2017 में प्रदेश में जहां 191.31 लाख भारतीय और 4.71 लाख विदेशी टूरिस्ट पहुंचे थे, वहीं 2018 में भारतीय सैलानियों का आंकड़ा 160.94 लाख और विदेशी पर्यटकों की संख्या 3.56 लाख रही। 2019 में 168.29 लाख भारतीयों के साथ 3.83 लाख विदेशी सैलानी भी प्रदेश पहुंचे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App