विदेशी मुद्रा भंडार 5.42 अरब डालर बढ़ा

By: Mar 9th, 2020 12:02 am

मुंबई-देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 5.42 अरब डालर की बड़ी बढ़ोत्तरी के साथ 481.54 अरब डालर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार 23वां सप्ताह है, जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। यह पहली बार 480 अरब डालर के पार पहुंचा है। इससे पहले 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा का भंडार 2.90 करोड़ डालर बढ़कर 476.12 अरब डालर पर रहा था। केंद्रीय बैंक द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 4.37 अरब डालर की वृद्धि हुई और यह 445.82 अरब डालर पर पहुंच गया। सप्ताह के दौरान आरबीआई ने सोने की खरीद जारी रखी, जिससे स्वर्ण भंडार 1.02 अरब डालर बढ़कर 3.68 अरब डालर हो गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 3.1 करोड़ डालर बढ़कर 3.61 अरब डालर पर और विशेष आहरण अधिकार 50 लाख डालर की वृद्धि के साथ 1.43 अरब डालर हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App