सफेद हुई चोटियां, मैदान भी भीगे

By: Mar 13th, 2020 12:01 am

प्रदेश भर में मौसम ने ली करवट, बारिश-बर्फबारी से लुढ़का तापमान

शिमला – हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से ताजा हिमपात  हुआ है। राज्य में गोडला, कल्पा, कोठी, केलांग, खदराड़ा, उदयपुर, कुफरी और पूह में बर्फबारी रिकार्ड की गई है, जबकि राज्य में मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। बारिश व बर्फबारी से समूचा राज्य फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। खासतौर पर पहाड़ों पर ठंड ने लोगों को फिर से घर में कैद कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर 18 मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा। मैदानी इलाकों में 15 मार्च के बाद मौसम साफ होगा। हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते 24 घटों के दौरान बारिश रिकार्ड की गई है। सुबह के समय नारकंडा, खड़ापत्थर और चौपाल वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। राज्य में कई स्थानों पर गुरुवार को दिन के समय भी बारिश रिकार्ड की गई। इससे अधिकतम तापमान में एक से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। सोलन व भुंतर का तापमान लुढ़क कर शून्य डिग्री से नीचे आ गया है। कल्पा का अधिकतम तापमान भी शून्य डिग्री का पहुंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 18 मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में 15 मार्च से मौसम साफ बना रहेगा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App