हरियाणा बना ओवरऑल चैंपियन

By: Mar 7th, 2020 12:22 am

पड्डल मैदान में कुश्ती के महाकुंभ का समापन, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने विजेताओं को किया सम्मानित

मंडी – पड्डल मैदान में शुक्रवार को राष्ट्रीय जूनियर प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता का समापन आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने किया।  इस प्रतियोगिता में देश भर के  900 पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में हरियाणा ने पहला, दिल्ली ने दूसरा व आर्मी टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार खिलाडि़यों को हर स्तर पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में हर संभव प्रयास कर रही है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट में  सरकार शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कारगार उपाय किए जा रहे हैं, ताकि देव भूमि की ओर अधिक से अधिक पर्यटकों का आकर्षित किया जा सके। इससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह गौरव की बात रही कि प्रदेश में पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर मिला। इसके लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ की पीठ थपथपाई। जल शक्ति मंत्री ने विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कृत भी किया । उन्होंने प्रतियोगिता की सफलता के लिए आयोजन समिति को एक लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष चंद्रमोहन ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन बारे विस्तार से जानकारी दी।  इस प्रतियोगिता में लगभग एक हजार पहलवानों ने  भाग लिया। इस दौरान ग्रीको रोमन स्टाइल, फ्रीस्टाइल मुकाबले देखने को मिले। इस अवसर पर पूव विधायक डीडी ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष सरला ठाकुर, भाजपा सदर मंडल अध्यक्ष मुनीष कपूर, महामंत्री बालक राम, प्रांतीय कुश्ती संघ के महासचव वीएन प्रसुद, निदेशक खेल विभाग ललिता शर्मा, सीएमओ डा. जीवानंद चौहान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App