कुश्ती के शेष ओलम्पिक क्वालीफायर 2021 में होंगे

By: Apr 8th, 2020 2:57 pm
 

वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस कोविड-19 के कारण इस साल 24 जुलाई से होने वाले टोक्यो ओलम्पिक खेल 2021 तक स्थगित किये जा चुके हैं और कुश्ती की विश्व संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने फैसला किया है कि कुश्ती के शेष ओलम्पिक क्वालीफायर 2021 में उसी अवधि के दौरान होंगे जो इस साल होने थे।यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के कार्यकारी बोर्ड की फोन के जरिये बैठक हुई जिसमें यह फैसला किया गया। मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार टोक्यो ओलम्पिक खेलों के शेष कुश्ती क्वालीफायर 2021 में होंगे और उसी अवधि के दौरान होंगे जो 2020 में थीं। तारीखों में हल्का परिवर्तन हो सकता है। शेष क्वालीफायर्स के लिए वही आयोजक रहेंगे जो 2020 में थे।यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की आगामी चैंपियनशिप को भी स्थगित कर दिया गया है। 30 जून तक निर्धारित यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की सभी चैंपियनशिप को बाद की तारीख के लिए स्थगित कर दिया गया है और इनकी नयी तारीखों का फैसला सम्बंधित आयोजकों के साथ बातचीत के बाद किया जाएगा।यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने 30 जून 2020 तक निर्धारित सभी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट रद्द कर दिए हैं और विश्व संस्था ने सभी राष्ट्रीय कुश्ती महासंघों को सलाह दी है कि कोरोना के खतरे को देखते हुए अपने राष्ट्रीय टूर्नामेंटों को रद्द कर दें।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App