कोरोना से जंग हारी मासूम

By: Apr 24th, 2020 12:05 am

फगवाड़ा की बच्ची की पीजीआई में जानलेवा वायरस से मौत; पंजाब में अब तक गई 17 की जान

चंडीगढ़ – पंजाब में कोरोना महामारी ने एक छह माह की बच्ची की जान ले ली। इसी के साथ राज्य मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। दिल में छेद के कारण बच्ची की पीजीआई चंडीगढ़ में ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। उसके बाद उसकी हालत सुधरने लगी। पिछले दो दिन से उसे संक्रमण ने घेर लिया। उसका टेस्ट कराया तो उसे कोरोना पॉजिटिव निकला। उसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। छह महीने की बच्ची ने 26 घंटे तक कोरोना वायरस से लड़ने के बाद गुरुवार दोपहर को दम तोड़ दिया। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई थी। वह आईसीयू में थी और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। डाक्टरों ने बताया कि संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे बुधवार सुबह 11 बजे कोरोना वॉर्ड में भर्ती किया गया था। वह बुधवार रात से वेंटिलेटर और ग्लूकोज पर थी। इन्फेक्शन काफी बढ़ गया था, जिसकी वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। उसे पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर में दिल में छेद के इलाज के लिए भर्ती किया गया था। इसके बाद उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसी बीच बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ साइंसेस के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज और अस्पताल की ओर से जालंधर के आठ मरीजों की भेजी गई कोरोना रिपोर्ट के पॉजिटिव आने के साथ ही जिला सिविल, पुलिस और स्वास्थ्य प्रशासन की दिक्कतें बढ़ गई हैं। जिला में नौ नए मामलों के सामने आने से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 63 हो गई है। मेयर के ओएसडी के नमूने पॉजिटिव आने के बाद उस इलाके को सील कर दिया है। इससे पहले बुधवार को सारा दिन शहर या जिले से किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव न आने के बाद स्वास्थ्य विभाग को कुछ राहत मिली, लेकिन आधी रात के बाद मकसूदां क्षेत्र की ज्वाला नगर कालोनी की एक 65 वर्षीय महिला परमीत कौर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्थिति चिंताजनक हो गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App