न्यूयार्क में 9/11 हमले से ज्यादा लोगों की गई जान

By: Apr 9th, 2020 12:04 am

कोरोना का प्रकोप, अमरीका में मृतकों की तादाद 12 हजार पार

न्यूयार्क, बीजिंग-वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर विश्व के 205 देशों और क्षेत्रों में फैल चुका है। इस संक्रमण के कारण अब तक 83 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 14.46 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हुए हैं। विश्व भर में अब तक 3.8 लाख लोग इस वायरस से ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित यूरोपीय देश इटली में इस महामारी के कारण सबसे अधिक 17127 लोगों की मौत हुई है और अब तक 135586 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। इस संक्रमण से दुनिया भर में सबसे अधिक लोगों की मृत्यु इटली में ही हुई है। इस वैश्विक महामारी के केंद्र चीन में अब तक 81802 लोग इससे संक्रमित हुए हैं और 3333 लोगों की मृत्यु हुई है। विश्व की महाशक्ति माने-जाने वाले अमरीका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है जहां अब तक करीब चार लाख लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। यहां पर अब तक 398185 लोग इससे संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 12 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। अमरीका में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों का आंकड़ा 12844 तक पहुंच गया है। उधर कोरोना वायरस के प्रकोप से न्यूयार्क शहर में मरने वाले लोगों की संख्या 3,200 के आंकड़े को पार कर गई। यह संख्या 9/11 को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले में मारे गए लोगों की संख्या से भी अधिक है। दुनियाभर में वायरस का प्रकोप बढ़ रहा है। न्यूयार्क और यूरोप के कुछ हिस्सों में संकट को कम करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी तरह की ढिलाई न बरतें और पूरी सावधान रहें। स्पेन इस संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले देशों की सूची में अमरीका के बाद दूसरे नंबर पर है। स्पेन में 24 घंटे में 757 लोगों की मौत हुई है। लगातार दूसरे दिन मौतों की संख्या में वृद्धि हुई है। एक दिन पहले यहां 743 लोगों की मौत हुई थी।यहां अब तक 141942 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 14045 लोगों की इसके प्रकोप से मृत्यु हो चुकी है। इस बीच, कोरोना से संक्रमण के मामले में यूरोपीय देश फ्रांस ने एक बार फिर जर्मनी को पीछे छोड़ दिया है। फ्रांस में अब तक 109,069 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 10328 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं जर्मनी में कोरोना से अब तक 107663 लोग संक्रमित हुए हैं और 2016 लोगों की मौत हुयी है। संक्रमण के मामले में दोनों यूरोपीय देशों ने पिछले 24 घंटे के दौरान एक लाख का आंकड़ा पार किया है। इसके अलावा ब्रिटेन में 55242 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और अब तक 6159 लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है। कोरोना से गंभीर रूप से प्रभावित खाड़ी देश ईरान में 62589 लोग इससे संक्रमित हुए हैं, जबकि 3872 लोगों की इसके कारण मौत हुई है। नीदरलैंड में 2101, बेल्जियम में 2035, स्विट््जरलैंड में 787, ब्राजील में 667, तुर्की में 649, स्वीडन में 591, कनाडा में 369, पुर्तगाल में 345 और आस्ट्रिया में 243 लोगों की मौत हो चुकी है। दक्षिण कोरिया में इस महामारी से अब तक 200 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10384 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App