पंजाब को राहत, सिर्फ एक मरीज मिला

By: Apr 21st, 2020 12:03 am

जालंधर में सामने आया एक केस पॉजिटिव, राज्य में अब तक कुल 245 संक्रमितों में से गई 16 की जान

चंडीगढ़ – कोरोना वायरस के बढ़ते ग्राफ के बीच पंजाब से राहत वाली खबर आई है। पंजाब से सोमवार को सिर्फ एक मामला सामने आया है। इससे पंजाब में कोरोना मरीजों की संख्या 245 हो गई है, जबकि अभी तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है।  वहीं, 38 लोग ठीक होकर घर भी पहुंच गए हैं। मौजूदा समय में 15 या इससे ज्यादा संक्रमितों की संख्या वाले पांच जिले मोहाली, जालंधर, पठानकोट, पटियाला और लुधियाना रेड जोन में शामिल हैं। सबसे ज्यादा संख्या मोहाली जिला में है, जहां 61 लोग संक्रमित हुए। जालंधर में भी संक्रमण के कुल आंकड़े 48 हो चुके हैं। इससे पहले रविवार सुबह मोहाली जिला के नया गांव में एक ही परिवार के चार लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। दूसरे नंबर पर जालंधर जिला में 48 लोग कोरोना संक्रमित हैं तो शनिवार को नवांशहर को पछाड़कर पटियाला तीसरे नंबर पर पहुंच गया। सबसे कम मुक्तसर और फिरोजपुर में एक-एक व्यक्ति संक्रमित हैं। हालांकि गनीमत है कि अभी तक बठिंडा, फाजिल्का और तरनतारन के लोग इस खतरे से बचे हुए हैं।

फिरोजपुर के पहले पॉजिटिव के संपर्क में आए 15 की रिपोर्ट नेगेटिव 

फिरोजपुर के पहले कोरोना पॉजिटिव परमजोत सिंह के संपर्क में आए लोगों के भेजे गए 35 सैंपलें में से 15 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इस रिपोर्ट में उसके नजदीकियों की रिपोर्टों भी शामिल हैं, जबकि पारिवारिक सदस्यों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

अमृतसर में संक्रमित हुआ स्वस्थ, मिली छुट्टी

अमृतसर – पंजाब में अमृतसर के गुरु नानक अस्पताल में उपचाराधीन कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति को सोमवार को स्वस्थ्य होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अमृतसर के कृष्णा नगर निवासी बलबीर सिंह (67) एक अप्रैल को कोविड-19 के  संक्रमित का उपचार करने के लिए गुरुनानक अस्पताल अमृतसर में दाखिल करवाया गया था। उनके दो टेस्ट नेगेटिव आने बाद में सोमवार को अस्पताल से छुट्टी के दी गई। इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री ओपी सोनी ने बलबीर सिंह को शुभकामनाएं दीं। श्री सिंह ने बताया कि अस्पताल में अच्छा इलाज और सभी कर्मचारियों की तरफ से अच्छी देखभाल  करने के कारण वह जल्दी ठीक होकर घर लौट रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे कर्फ्यू के दौरान घरों में ही रहें और यदि किसी को कोरोना वायरस संक्रमण जैसे लक्षण महसूस हों तो घबराने की बजाय नजदीक के सरकारी अस्पताल में संपर्क करें, जहां इलाज बिना किसी खर्च के पंजाब सरकार की तरफ से किया जा रहा है।

लुधियाना के एसीपी के गनमैन के करीबियों के सैंपल लिए

मोगा। पंजाब में मोगा जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोना के शिकार एसीपी के गनमैन मनवीर सिंह के सात निकट संबंधियों के सोमवार को जांच के लिए सैंपल लिए। स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम जांच के लिए रामूवालाकलां गांव गई और सभी के सैंपल लिए। गनमैन मनवीर की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यह जानकारी सोमवार को यहां नोडल अधिकारी डा. मुनीष ने दी। एसीपी का ड्राइवर प्रभजोत सिंह भी कुछ घंटे गांव में मनवीर के साथ रुका था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। गनमैन मनवीर सिंह खोसा कोटला मोगा का निवासी है, जिसके नमूने रविवार को यहां लिए तथा रिपोर्ट नेगेटिव आई।

जम्मू-कश्मीर में 14 नए मामलों की पुष्टि, 368 तक पहुंची तादाद

श्रीनगर। भारत में कोरोना कहर तेजी से फैल रहा है। वायरस से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस बीच, सोमवार को जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 14 नए मरीज सामने आए हैं। 14 नए मामले सामने आने से केंद्र शासित प्रदेश में कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 368 हो गई है।

राज्य का हाल

जिले                  मामले     मौतें

मोहाली                61         2

जालंधर                48         2

पटियाला               26         0

पठानकोट                         24         1

नवांशहर               19         1

लुधियाना              16         4

अमृतसर               11         2

मानसा                 11         0

होशियारपुर            7           1

मोगा                   4           0

रोपड़                  3           1

फरीदकोट             3          0

संगरूर                 3           0

बरनाला               2           1

फतेहगढ़ साहिब      2           0

गुरदासपुर             2           1

मुक्तसर                1           0

फिरोजपुर              1           0

कपूरथला              2           0


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App