बिना कर्फ्यू पास के नो एंट्री

By: Apr 3rd, 2020 12:05 am

नादौन – गुरुवार से केवल आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों या लोगों के अलावा अन्य किसी भी प्रकार का कर्फ्यू पास मान्य नहीं होगा। यह जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार नादौन सीमा को अब पूरी तरह सील कर दिया गया है। नादौन सीमा पर किसी भी वाहन को नादौन क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तु या आवश्यक ड्यूटी करने वालों की मूवमेंट को भी पूरी तरह नियंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसडीएम नादौन द्वारा जारी केवल कर्फ्यू पास ही मान्य होंगे, अन्य किसी भी तरह का पास मान्य नहीं होगा, साथ ही उन्होंने बताया कि केवल आवश्यक वस्तुओं के लिए जारी कर्फ्यू पास ही मान्य होंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी आग्रह किया है कि कर्फ्यू के दौरान घरों से अनावश्यक तौर पर बाहर न निकलें अन्यथा उन्हें भी घर के निकट होते हुए भी 14 दिनों के लिए अलग रखा जाएगा। यदि इस दौरान कोई अनावश्यक वाहन पकड़ा गया तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। राणा ने बताया कि पुलिस विभाग के आदेशों का पूरी तरह पालन करवाया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App