बैलों ने ढेर किया आदमखोर तेंदुआ

By: Apr 8th, 2020 12:05 am

श्रीरेणुकाजी – सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के गांव शिवपुर व टुहेरी में तीन महिलाओं व एक बच्चे पर हमला करने के बाद भी एक हिंसक तेंदुए को बैलों ने आखिर लड़ाई में ढेर कर  दिया । ग्रामीणों के अनुसार अपनी जान बचाते हुए बैलों ने तेंदुए पर जवाबी हमला कर उसे बाड़े में ही मार गिराया। देर रात मदन सिंह के बाड़े में बैलों पर हमला करने से पहले यह तेंदुआ उसी गांव के गोविंद सिंह के घर में घुसा तथा उसकी पत्नी रक्षा देवी पर जानलेवा हमला किया। इसके बाद यही तेंदुआ इसी गांव के सतपाल के घर में घुसा और उनकी  पत्नी कमलेश पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल किया।  तेंदुए ने शिवपुर गांव के मदन सिंह के बाड़े में घुसकर चार पशुओं को बुरी तरह घायल किया। इस बीच तेंदुआ व बैलों के बीच में लगभग दो घंटे तक गुत्थम.गुत्थी व जबरदस्त लड़ाई चली। इस दौरान बहादुर बैल बहुत बुरी तरह घायल हो गए तथा उन्होंने तेंदुए को मार कर ही दम लिया। इससे पहले इस तेंदुए ने इसी गांव के एक और घर में घुसकर दो महिलाओं पर व एक बच्चे पर हमला किया जिन्हें घर वालों ने बचा लिया। पंचायत शिवपुर के प्रधान कंठी राम व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि दो आदमखोर तेंदुए ने इलाके में कईं दिनों से आतंक मचाया हुआ है।  तहसीलदार संगड़ाह आत्माराम नेगी ने कहा कि इस बारे वन विभाग सहायता कर सकता है। पशुपालन विभाग अधिकारी संगड़ाह डा. अमित वर्मा ने बताया कि घायल पशुओं का इलाज व तेंदुए का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App