वीरभद्र सिंह से सीखें कांग्रेसी

By: Apr 2nd, 2020 12:04 am

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले; देश रहेगा, तभी हम और आप रहेंगे

शिमला-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि कांग्रेस नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से कुछ सीख लेनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना भी की व राहत कोष में दान भी दिया। डा. बिंदल ने कांग्रेस नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में भी इन नेताओं को राजनीति ही दिखाई दे रही है। इन्हें यह मालूम नहीं हो रहा है कि देश रहेगा तो कांग्रेस, बीजेपी, हम और आप रहेंगे। यदि देश नहीं रहेगा तो कुलदीप राठौर, मुकेश अग्निहोत्री, राजेंद्र राणा व डा. बिंदल ये कोई नहीं रहेंगे। देश का इतिहास स्मरण कराते हुए डा. बिंदल ने कहा कि भारत पाक युद्ध के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आह्वान पर देश के लोगों ने भोजन छोड़ दिया था। माताओं-बहनों ने अपने गहने प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दिए थे। वर्ष 1971 के युद्ध में तत्कालीन प्रधानमंत्री को देश के महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने रण चंडी का अवतार कह कर देश का आह्वान किया था कि हमें इंदिरा गांधी को फोलो करना है। उन दोनों समय में देश बार्डर पर लड़ रहा था, पूरा देश चट्टान की तरह उन नेताओं के साथ खड़ा था, जो देश का नेतृत्व कर रहे थे। आज देश के 130 करोड़ भाई-बहनों के जीवन के अस्तित्व का प्रश्न खड़ा है। भारत पाक युद्ध में सेना लड़ रही थी, देश पीछे था, आज देश के घर-घर में युद्ध हो रहा है। देश का प्रत्येक व्यक्ति कोरोना वायरस से लड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं और जयराम ठाकुर हिमाचल का। दुनिया भर के देशों में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों को सराहा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App