स्टोक्स ने तोड़ा भारतीय कप्तान कोहली का दबदबा

By: Apr 9th, 2020 12:08 am

लंदन-इंग्लैंड के ऑलराउंडर खिलाड़ी बेन स्टोक्स ने भारतीय कप्तान विराट कोहली के पिछले तीन साल से चले आ रहे दबदबे को खत्म करके बुधवार को वर्ष 2019 के लिए विजडन का विश्व का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर (विजडन लीडिंग क्रिकेटर इन दि वर्ल्ड) का सम्मान हासिल किया। विजडन क्रिकेटर्स अलमानैक ने 2020 के अपने संस्करण में 2019 के प्रदर्शन के लिए स्टोक्स को यह सम्मान दिया, जो इससे पहले लगातार तीन वर्षों तक कोहली को मिल रहा था। भारत के स्टार बल्लेबाज को 2016, 2017 और 2018 में लगातार तीन बार विजडन ने साल का अपना अग्रणी क्रिकेटर चुना था, जो एक रिकार्ड है। इस बार हालांकि विजडन की सम्मान सूची में कोई भी भारतीय पुरुष या महिला खिलाड़ी जगह नहीं बना पाया। स्टोक्स ने पहली बार यह सम्मान हासिल किया है। यह पुरस्कार 2003 से शुरू किया गया था, जिसके बाद स्टोक्स इसे हासिल करने वाले इंग्लैंड के केवल दूसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले एंड्रयू फ्लिंटॉफ को 2005 में यह सम्मान मिला था। विजडन ने इसके अलावा आस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिस पैरी को विश्व की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना है। पैरी उन पांच खिलाडि़यों में भी शामिल हैं, जिन्हें विजडन का वर्ष का क्रिकेटर चुना गया है। पैरी इस सूची में शामिल तीन आस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों में से एक हैं। आस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस और बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन तथा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और साउथ अफ्रीका के सिमोन हार्मर को इस सूची में जगह मिली है। वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल को टी-20 का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है। स्टोक्स ने इंग्लैंड को पिछले साल पहला विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी और इसके अलावा उन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ हैंडिग्ले एशेज टेस्ट में बेहतरीन पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App