अब टिकट ही होगा आपका पास

By: May 30th, 2020 12:16 am

सलूणी-एसडीएम सलूणी किरण भडाना ने कहा है कि वाहन हेतु किसी भी प्रकार के पास की जरूरत नहीं है। यदि कोई भी व्यक्ति रेल या हवाई जहाज से यात्रा करके आता है तो उसका टिकट ही पास माना जाएगा। उन्होंने कहा कि उपमंडल में अभी 268 लोग होम क्वारंटाइन हैं। जबकि 41 लोग संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र में क्वारंटाइन किए गए हैं। वह शुक्रवार को कार्यालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि रेड जोन से आने वाले व्यक्ति को संस्थागत व अन्य जोन से आने वाले व्यक्ति को होम क्वारंटाइन किया जा रहा है। होम क्वारंटाइन होने वाले व्यक्ति को निर्देशों की पालना सुनिश्चित बनानी होगी। उन्होंने संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र में क्वारंटाइन व्यक्ति का छह से दस दिन के भीतर टेस्ट होगा। अगर व्यक्ति टेस्ट में नेगेटिव आता है तो वह घर जा सकता है। उन्होंने कहा कि घर में संबंधित व्यक्ति को 14 दिन क्वारंटाइन रहना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति दूसरे राज्य में जाता है और तीन दिन पहले उसका टेस्ट हुआ होता है, जिसमें वह नेगेटिव आया है तो वह टेस्ट मान्य होगा। उन्होंने कहा कि उपमंडल में अब व्यक्तिगत निजी कार्यों हेतु किसी को भी प्रशासनिक अनुमति लेने की जरूरत नही। किसी भी संस्था द्वारा करवाए जाने वाले कार्यों व कामगारों की जानकारी उपमंडलीय प्रशासन को देनी होगी। उन्होंने कहा कि बीस से अधिक लोगों को कार्य पर लगाने के लिए डीसी से अनुमति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सैलून व बार्बर शाप को प्रशिक्षण देकर खास हिदायतों के साथ खोला जाएगा, जिसमें उन्हें फेस शील्ड मास्क व ग्लब्ज आदि डालने होंगे। और ग्राहकों का ब्यौरा रखना होगा। इसके अलावा कुछ सामान ग्राहकों को साथ लाना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App