224 मछुआरों को मिली आर्थिक मदद

By: May 31st, 2020 12:18 am

चंबा में मत्स्यिकी विभाग ने पंजीकृत मछुआरों को दी चार लाख 48 हजार रुपए की सौगात

चंबा –वैश्विक कोरोना महामारी के चलते मत्स्यिकी विभाग में पंजीकृत 224 मछुआरों को चार लाख 48 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी गई है। इसके तहत हिमाचल सरकार ने मत्स्यिकी विभाग के अंतर्गत पंजीकृत एवम सक्रिय जलाशय मछुआरों को दो-दो हजार रुपए प्रति मछुआरा कोविड रिलीफ  फंड के रूप में दिए गए हैं। यह जानकारी मत्स्यिकी विभाग चंबा के सहायक निदेशक भूपिंद्र कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि 25 मार्च से 20 अप्रैल 2020 तक राज्य के जलाशयों में मछली पकड़ने व अन्य व्यवसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ था, जिसकी वजह से मछुआरों की आजीविका का साधन बंद होने के कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा है। मछुआरों की आर्थिक तंगी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने एक करोड़ सात लाख रुपए का आर्थिक पैकेज कोविड रिलीफ फंड के रूप में प्रदान किया है ताकि आर्थिक संकट के इस दौर में आर्थिक रूप से कमजोर मछुआरों की मदद की जा सके । भूपिंद्र कुमार ने कहा कि चंबा जिला के रंजीत सागर बांध जलाशय के 69 व चमेरा बांध जलाशय के 155 पंजीकृत एवं सक्रिय मछुआरों को दो-दो हजार रुपए प्रति मछुआरा आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि मछुआरों के बैंक खाते में डाल दी गई है, ताकि आर्थिक संकट के इस दौर में वे अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। बहरहाल, मत्स्यिकी विभाग की ओर से चंबा जिला के 224 मछुआरों को दो-दो हजार रुपए प्रति मछुआरा आर्थिक मदद देकर सरकार ने राहत प्रदान की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App