ऐतिहासिक स्मारकों की सुधरेगी हालत

By: Jun 7th, 2020 12:01 am

पंचकूला। हरियाणा के पुरातत्व-संग्रहालय एवं श्रम-रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा है कि प्रदेश में पुरातात्विक महत्त्व की इमारतों एवं ऐतिहासिक स्मारकों को पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 76 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। शनिवार को राज्यमंत्री अनूप धानक हिसार में जहाज पुल के पास जहाज कोठी में बनाए गए क्षेत्रीय पुरातात्विक संग्रहालय का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने संग्रहालय में रखी गई पुरातात्विक महत्व की मूर्तियों व ऐतिहासिक वस्तुओं का अवलोकन किया और इस स्थान के सौंदर्यीकरण का कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू करवाने के निर्देश विभाग की उप निदेशक बनानी भट्टाचार्य को दिए। राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि प्रदेश में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा ऐतिहासिक महत्त्व के स्थानों को पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके माध्यम से एक तरफ  जहां आमजन को इन पुरातन इमारतों के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानने का मौका मिलेगा और वहीं इससे रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि पुरातात्विक महत्त्व की इमारतों को विकसित करने के लिए विभाग के पास उपलब्ध बजट का सदुपयोग किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App