खालसा कालेज के पूर्व प्रिंसीपल को डिग्री मामले में क्लीन चिट

By: Jun 14th, 2020 12:02 am

होशियारपुर – खालसा कालेज माहिलपुर जिला होशियारपुर के पूर्व प्रिंसीपल डाक्टर परविंदर सिंह के खिलाफ अवतार सिंह बेदी नाम के व्यक्ति द्वारा साल 2019 में एक शिकायत दी गई थी। इस पर पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के कुलपति द्वारा समिति गठित की गई। उसने पूर्व प्रिंसीपल को अब क्लीन चिट दे दी है। पूर्व प्रिंसीपल परविंदर सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर, 2019 को अवतार सिंह बेदी ने उन पर आरोप लगाए थे कि उनकी डिग्री और प्रिंसीपल के रूप में नियुक्ति सही नहीं है। इतना ही नहीं बेदी ने उपराष्ट्रपति और पंजाब विवि पंजाब के चांसलर के पास भी शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में उनकी डिग्री और नियुक्ति के बारे में कहा गया था कि यह धोखाधड़ी से हासिल की गई थी। इससे आहत होकर उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। परविंद्र सिंह ने कहा कि पंजाब विवि ने अवतार सिंह बेदी द्वारा दर्ज शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित की गई थी, जिसने आठ जून, 2020 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें उन्हें क्लीन चिट दी है। उन्होंने कहा कि वह अदालत में बेदी के खिलाफ मानहानि का केस फाइल करेंगे। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी शैली सैनी, प्रो. जगपाल, मोहिंद्र सिंह, सुखवंत सिंह खालसा व अन्य लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App