चंबा से पांच बसें खाली ही दौड़ीं

By: Jun 2nd, 2020 12:16 am

चंबा-प्रदेश सरकार की ओर से परिवहन निगम की बस सेवा आरंभ करने के पहले दिन सोमवार को चंबा बस अड्डे से अधिकतर बसें बिना सवारियों के रवाना हुई। सोमवार सवेरे पहले ग्यारह रूटों पर भेजी गई बसों में केवल बाइस सवारियों ने ही गंतव्य की राह पकड़ी, जबकि पांच बसें खाली रवाना हुई। इस दौरान आरटीओ चंबा आेंकार सिंह के अलावा परिवहन निगम चंबा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष कुमार भी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था को जांचने में व्यस्त दिखे। सोमवार को बस सेवा आरंभ होने से बस अडडे पर सोशल डिस्टेंसिंग बरकरार रखने के लिए पुलिस की ओर से पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। परिवहन निगम प्रबंधन का कहना है कि सोमवार को बस सेवा आरंभ होने के चलते आगामी दिनों में सवारियों की संख्या बढ सकती है। इसके लिए प्रबंधन की ओर से पहले ही बंदोबस्त कर लिए गए है। प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप दिव्य हिमाचल ने सोमवार सवेरे जिला मुख्यालय के बस अड्डे से 72 दिन बस सेवा आरंभ होने की पड़ताल की। सोमवार सवेरे मुख्यालय से पहली बस चंबा- शिमला इंटर डिस्ट्रिक्ट में 18 सवारियां रवाना हुई। तीसा रूट की बस दो सवारियां लेकर गई। इसके बाद मंडी रूट की बस, जिसे तुनुहटटी तक सीमित किया गया है यह बिना सवारियों के रवाना हुई। सलूणी, मैहला व भरमौर- हडसर रूट की बस भी बिना सवारियों के गंतव्य की ओर रवाना हुई। सोमवार को सिल्लाघ्राट व झुलाडा के बस एक- एक सवारी लेकर निकली। इस पडताल के दौरान पाया कि निगम द्धारा चालकों व परिचालकों की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। चालकों व परिचालकों के केबिन को सील किया गया था। इसके अलावा चालकों व परिचालकों को फेस मास्क शील्ड, मास्क व हैंड सैनेटाइजर भी उपलब्ध करवाए गए थे। सोमवार सवेरे पहले दो घंटे के दौरान बस अडडे पर निगम स्टाफ के अलावा कोई नहीं दिखा। बस अडडा परिसर की अधिकतर दुकानें भी बंद रही। हालांकि दोपहर बाद बसों में कुछ सवारियां जरूर देखी गई। उधर, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष कुमार ने बताया कि बसों में साठ फीसदी क्षमता तक सवारियां बिठाई जाएंगी। बिना मास्क किसी सवारी को बस में नहीं बिठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार से विभिन्न रूटों पर बस सेवा दिशा- निर्देशों के मुताबिक भेजना आरंभ कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App