हिमाचल में 10 से 15 जून तक दस्तक दे देगा प्री मानसून, मानसून भी समय पर ही आएगा, 25 तक लगेगा भिगोने 

By: Jun 2nd, 2020 12:11 am

मानसून भी समय पर ही आएगा, 25 तक लगेगा भिगोने 

शिमला – हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून 10 से 15 जून तक दस्तक दे देगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत यह संभावना जताते हुए कहा गया है कि मानसून के सामान्य समय अवधि पर आने की पूरी उम्मीद है। विभाग की मानें तो राज्य में मानसून 25 जून तक दस्तक दे देगा। मानसून के दौरान सामान्य बारिश होने की संभावना है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में बीते दिनों से लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में प्री मानसून के जल्द हिमाचल पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही थी, मगर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में प्री-मानसून 10 जून के बाद ही होगी। विभाग की मानें तो हिमाचल में 10 से 15 जून के बीच प्री मानसून आ जाएगी। वहीं, विभाग की मानें तो मौजूदा समय में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में इन दिनों बारिश हो रही है। राज्य में आगामी दिनों के दौरान भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में प्री-मानसून 10 से 15 जून के मध्य दस्तक दे देगा। मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। ऐसे में प्रदेश में मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक दस्तक दे देगा।

प्रदेश को बिना सताए ही गुजर गईं गर्मियां

हिमाचल प्रदेश में समर सीजन समाप्त हो चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा राज्य में पहली जून से मानसून सीजन की गिनती शुरू कर दी जाती है। विभाग की मानें तो राज्य में मानसून का आगाज जून माह के आखिरी सप्ताह में होगा, लेकिन प्री मानसून की बौछारें राज्य में जल्द ही दस्तक दे देंगी। राज्य में इस प्री मानसून और मानसून के दौरान सामान्य बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App