चंडीगढ़ से बाहरी राज्यों के लिए बसें बंद, कोरोना प्रसार के चलते प्रशासन ने लिया फैसला

By: Jun 13th, 2020 12:12 am

कोरोना प्रसार के चलते प्रशासन ने लिया फैसला, स्थानीय गाडि़यों को रहेगी अनुमति, 30 जून तक जारी रहेंगे आदेश

चंडीगढ़ – चंडीगढ़ प्रशासन ने पड़ोसी राज्यों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए आगामी 30 जून तक सीटीयू की अंतरराज्यीय बस सेवा बंद कर दी है। ट्राइसिटी में चलाई जा रही स्थानीय बस सेवा चालू रहेगी। शुक्रवार को चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में कोविड वार रूम में हुई बैठक में बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही यात्रियों को चंडीगढ़ लाने के लिए अंतरराज्यीय बसों के संचालन के लिए अन्य राज्यों को दी गई सहमति भी वापस ले ली जाएगी। प्रशासक के निर्देशों पर अब ट्रेनों व हवाई जहाज द्वारा आने वाले सभी यात्रियों के आगमन पर स्क्रीनिंग की जाएगी और 14 दिनों के स्व-संगरोध की सलाह दी जाएगी। वे अनिवार्य रूप से आरोग्य सेतु अनुप्रयोगों को डाउनलोड करेंगे और स्व-निगरानी करेंगे। प्रशासन उनकी रैंडम चेकिंग भी करेगा। बैठक में प्रशासक को बताया गया कि हाल ही में कोरोना के मिले अधिकांश नए मामले चंडीगढ़ के बाहर से आने वाले व्यक्तियों या उनके तात्कालिक संपर्कों में पाए गए हैं। प्रशासक ने ऐसे मामलों के बारे में चिंता व्यक्त की और चाहा कि कुछ प्रतिबंध लगा जाएं और बाहर से आने वाले यात्रियों को संक्रमण से बचाने के लिए विशेष देखभाल की जाए। प्रशासक के निर्देशों पर तय किया गया है कि सड़क मार्ग से चंडीगढ़ आने वाले व्यक्तियों को स्व-जनित दस्तावेज रखना होगा, जिसे प्रशासन की वेबसाइट से मोबाइल फोन पर डाउनलोड किया जा सकता है। यह स्पष्ट किया गया कि यह दस्तावेज परमिट या पास नहीं है। यह केवल आधिकारिक रिकॉर्ड के लिए एक यात्रा सूचना दस्तावेज होगा। चंडीगढ़ में सरकारी/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में आने वाले कर्मचारियों को अब पहचान पत्र दिखाने के बाद ही शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App