सोलन सब्जी मंडी में सेब की दस्तक, करसोग से पहुंची 20 किलोग्राम की 135 सेब पेटी

By: Jun 30th, 2020 12:05 am

करसोग से पहुंची 20 किलोग्राम की 135 सेब पेटी, दिल्ली भेजी जाएगी फसल

सोलन  – फल एवं सब्जी मंडी सोलन में सेब की एंट्री हो चुकी है। उम्मीद के मुताबिक तय समय पर सेब ने सोलन मंडी में दस्तक दे दी है। इस प्रकार इस वर्ष सेब ने भी मंडी में अपना खाता खोल दिया है। सोलन में सोमवार को सेब की पहली खेप पहुंची है। 20 किलोग्राम की पैकिंग में करीब 135 बॉक्स सेब के मंडी में पहुंचे हैं। ये सेब मंडी जिला के करसोग से सोलन लाए गए हैं। हालांकि पहले दिन सेब के व्यापारी न होने के कारण ये बॉक्स यहां नहीं बिक पाए, लेकिन जिन कमीशन एजेंट के पास ये सेब के बॉक्स पहुंचे हैं, अब वे उन्हें दिल्ली भेजेंगे। शुरुआत में कयास लगाए जा रहे हैं कि 20 किलोग्राम सेब के इन बॉक्स की कीमत 300 से 500 रुपए के बीच हो सकती है। बताया जा रहा है कि रेड जोन किस्म के यह सेब की अर्ली वैरायटी है और ये पहाड़ी क्षेत्रों के निचले इलाकों में होती है। सेब की मंडी में दस्तक के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि धीरे-धीरे अन्य अर्ली किस्मों के सेब की आवक भी मंडी में शुरू हो जाएगी। हालांकि आगामी माह 15 जुलाई तक सेब सीजन के रफ्तार पकड़ने की संभावना जताई जा रही है। इसी को देखते हुए मंडी समिति और जिला प्रशासन ने भी कमर कस ली है। कमीशन एजेंट्स सहित बाहरी राज्यों से आने वाले सेब के खरीददारों के लिए अभी से ही लाइसेंस की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यापारियों को पहले क्वारंटाइन होना पड़ेगा, इसके बाद ही वे सेब की खरीददारी कर सकेंगे। इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाली लेबर के लिए भी वन टाइम पास की प्रक्रिया जारी है। कृषि उपज मंडी समिति के सचिव डा. रविंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि मंडी में सेब की एंट्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 20 किलोग्राम के 135 बॉक्स मंडी जिला के करसोग से पहुंचे हैं, जिन्हें मंगलवार को दिल्ली भेजा जाएगा।

मटर का रिकार्डतोड़ उत्पादन

इससे पूर्व सोलन मंडी ने इस बार मटर का भी रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन हुआ है। मौजूदा समय की यदि बात करें तो लहसुन और टमाटर की सीजन पूरे जोर से मंडी में चला हुआ है। इस समय लहसुन 120 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से मंडी में बिक रहा है तो टमाटर के रेट में भी लगातार इजाफा हो रहा है। जिससे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। इसी बीच अब सेब सीजन की भी शुरुआत हो चकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App