एचटी लाइन पर गिरे दो पेड़

By: Jul 9th, 2020 12:02 am

कंडाघाट उपमंडल में 12 घंटे तक ठप रही विद्युत आपूर्ति, बोर्ड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल की सप्लाई

कंडाघाट-मानसून के दौरान क्षेत्रों में बिजली की तारों पर पेड़ों के गिरने का भी सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार रात भी 33 केवी एचटी लाइन पर दो पेड़ों के गिरने के चलते उपमंडल कंडाघाट में लगभग 12 घंटे तक बिजली गुल रही। विभाग द्वारा मौसम खराब होने के चलते बुधवार सुबह बिजली की तारों पर पड़े पेड़ों को हटाने के बाद बंद पड़ी सप्लाई को सुचारू किया गया। जानकरी के अनुसार 33 केवी एचटी लाइन 132 केवी सब -स्टेशन सपरून सोलन से 33 केवी सब-स्टेशन कंडाघाट को सप्लाई होती है। मंगलवार रात करीब आठ बजे ब्रुरी के समीप मेन सड़क से लगभग दो किमी ऊपर जंगल में 33 केवी की लाइन पर दो बड़े वृक्ष गिर गए जिसके चलते पूरा कंडाघाट क्षेत्र अंधकार में डूब गया। जैसे ही बोर्ड को इसकी सूचना मिली वैसे ही बोर्ड द्वारा पैट्रोलिंग की गई। जिसके बाद बोर्ड के कर्मचारियों को ब्रुरी के समीप फाल्ट पाया गया। बुधवार सुबह आठ बजे तक बोर्ड के कर्मचारियों द्वारा बिजली की लाइनों पर गिरे दोनों पेड़ों को हटाया गया। उसके  बाद ही कंडाघाट क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सुचारू हो सकी।  बिजली विभाग कंडाघाट के एसडीओ इंजीनियर रमेश शर्मा ने बताया कि 33 केवी की लाइन पर ब्रुरी के पास दो पेड़ गिर गए थे। जिसे बुधवार सुबह हटा दिए गए है व बिजली की सप्लाई अब सुचारू रूप से हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App