कैंपा से देवभूमि को 158.38 करोड़, कई नए काम भी किए शामिल, पहले एक एरिया तक रहता था प्रोजेक्ट

By: Jul 4th, 2020 12:06 am

कंपनसेटरी फोरेस्टेशन के लिए बनाए गए अकाउंट से मिला पैसा जारी; कई नए काम भी किए शामिल, पहले एक एरिया तक रहता था प्रोजेक्ट

शिमला – कंपनसेटरी फोरेस्टेशन के लिए बनाए गए कैंपा अकाउंट से हिमाचल को इस साल काम करने के लिए 158.38 करोड़ रुपए की राशि मिली है। यह राशि फील्ड कार्यालयों को जारी कर दी गई है। अहम बात है कि इस बार कैंपा से कई नए काम किए जाएंगे, जो कि पहले प्रोजेक्ट प्रभावित एरिया तक ही सीमित रहते थे। जानकारी के अनुसार 2020-21 के लिए वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की नेशनल अथॉरिटी ने एक्शन प्लान को मंजूरी दी है, जिसके तहत यहां कई दूसरे कार्य भी होंगे। पौधारोपण पर फोकस किया जाएगा। क्योंकि जो टारगेट 2030 तक पूरा करना है, वह वर्तमान रफ्तार से पूरा नहीं हो सकता। 12 हजार हेक्टेयर पर पौधारोपण का लक्ष्य अभी रखा गया है, जिसे 15 हजार हेक्टेयर प्रति साल तक लाना है, जिसमें कैंपा अकाउंट से भी मदद मिलेगी। कैंपा अकाउंट से इस बार सॉयल कंजरवेशन के लिए 22 करोड़ रुपए की धनराशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है, जिसमें रेन वाटर हार्वेस्टिंग के काम भी किए जाएंगे। जगह-जगह वाटर पौंड बनाए जाएंगे। वहीं, चैकडैम बनाकर भी पानी रोका जाएगा। परंपरागत बावडि़यों को रीज्युविनेट करने का काम भी कैंपा अकाउंट से सोचा गया है। इसके लिए भी विशेष मुहिम प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में चलाई जाएगी। लैंटाना उन्मूलन पर भी कैंपा से पैसा खर्च करने की तैयारी है।

चार करोड़ से रुकेगी जंगल की आग

फोरेस्ट फायर रोकने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे, जिसके लिए भी चार करोड़ रुपए की धनराशि रखी गई है। कैंपा अकाउंट से होेने वाले इन कार्यों से वन विभाग को राहत मिलेगी, जिसे आर्थिक रूप से यह योजना मददगार साबित होगी। बता दें कि कैंपा का पैसा फील्ड को जारी कर दिया गया है, जो चरणबद्ध ढंग से खर्च किया जाएगा। इसके साथ यहां सीमाई क्षेत्रों के जंगलों में पैट्रोलिंग के लिए वाहन भी कैंपा अकाउंट के पैसे से लिए जा सकेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App