दो दिन तक भारी बारिश, यलो अलर्ट जारी, 13 जुलाई के बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना

By: Jul 11th, 2020 12:06 am

शिमला – हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर, चंबा, डलहौजी में आगामी दो दिन के दौरान भारी बारिश होगी। विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत समूचे राज्य में 16 जुलाई तक बारिश होगी। विभाग की मानें तो राज्य में 12 जुलाई तक अनेक स्थानों पर बारिश होगी, मगर 13 जुलाई के बाद फिर से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार को दोपहर तक मौसम सुहावना बना रहा। इस दौरान धूप भी खिली रही। धूप खिलने से दोपहर तक लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा, मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए। वहीं शाम के समय प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम के समय जमकर बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई है। भुंतर, धर्मशाला, चंबा के तापमान में बीते रोज के मुकाबले गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगामी दो दिनों के दौरान झमाझम बारिश होगी। राज्य में 16 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। कुछ स्थानों गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App