दूध के दांतों की देखभाल

By: Jul 11th, 2020 12:18 am

छोटे बच्चों के जब दूध के दांत आने शुरू होते हैं, तो कितने क्यूट लगते हैं। ये दांत न सिर्फ  बच्चे को क्यूट दिखाते हैं, बल्कि इससे शिशु को खाना चबाने और बोलने में भी मदद मिलती है। आमतौर पर माना जाता है कि बच्चों के दूध के दांतों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए, जो कि बिलकुल गलत है। यदि बच्चों के दूध के दांतों को नुकसान पहुंच जाए, तो इसकी वजह से मसूड़ों और दांतों की जड़ों में इन्फेक्शन हो सकता है। इसका असर पक्के दांत आने पर भी दिख सकता है। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपने बच्चों के दूध के दांतों की पूरी देखभाल करें, आइए जानते हैं कैसे।

दूध के दांत कब आते हैं- अधिकतर बच्चों के दांत 6 से 10 महीने के अंदर आने शुरू हो जाते हैं। कुछ बच्चों के दांत जल्दी आ जाते हैं, वहीं कुछ बच्चों के दांत एक साल के होने तक भी नहीं आते हैं। हर बच्चे के दांत अलग उम्र में आते हैं। पहले बच्चों का बीच का दांत आना शुरू होता है। वहीं सारे 20 दांत तीन साल का होने पर आते हैं। 6 से 20 साल की उम्र के बीच दूध के दांतों की जगह पक्के दांत ले लेते हैं।

बच्चों के दांत और मसूड़ों की देखभाल कैसे करें- बच्चे का पहला दांत आते ही आप डेंटल केयर शुरू कर सकते हैं। शिशु के तीन महीने का होने के बाद एक सूती गीले कपड़े से बच्चे के मसूड़ों को हल्के हाथ से पोंछे। आपको ऐसा दिन में दो बार करना है। पहला दांत आने पर उसे मुलायम इंफैंट टूथब्रश से साफ  करना चाहिए। ये टूथब्रश खासतौर पर दो साल से कम उम्र के बच्चों के लिए डिजाइन किए जाते हैं। शिशु के 18 महीने के होने तक टूथब्रश पर सिर्फ  पानी डालकर दांत साफ  करें।

बच्चों के दांत साफ  करने का तरीका- शिशु को ऐसी पोजीशन में बिठाएं कि आपको उसके दांत दिख सकें। बच्चे की ठोड़ी को हाथ से पकड़ें और सिर को अपने शरीर पर सहारा दें। अब उसके होंठों को खोलकर आराम-आराम से दांतों को सर्कुलर मोशन में साफ  करें। बच्चे के हर दांत को आगे और पीछे से अच्छी तरह से साफ करें। मसूड़ों को भी साफ  करना है।

टूथब्रश साफ  कैसे करें- बच्चे के दांत और मसूड़ों को साफ  करने के बाद टूथब्रश को नल के पानी में धोएं। एक खुले डिब्बे में टूथब्रश को रखें ताकि वो सूख जाए। हर 3 से 4 महीने में टूथब्रश बदलते रहें। दांतों की सफाई करने का ये मतलब नहीं है कि बच्चों के दांत में कीड़ा नहीं लगेगा। अगर दांत में कीड़ा लग जाए, तो शिशु विशेषज्ञ को जरूर दिखाएं। डाइट और शिशु को खिलाने का तरीका भी इसमें अहम भूमिका निभाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App