पंचेश्वर महादेव मंदिर

By: Jul 11th, 2020 12:27 am

भगवान शिव के मंदिर की वास्तुकला उत्तराखंड के अन्य पुराने मंदिरों जैसी है। शिव मंदिर में भगवान राम परिवार और माता दुर्गा का मंदिर भी है। मंदिर के भीतर काली शिला की शक्ति पर शिवलिंग बना है। इसकी गहराई का किसी को भी अंदाजा नहीं है…

उत्तराखंड में भगवान शिव के अनेको मंदिर हैं। हर मंदिर की अलग महत्ता और मान्यता है। ऐसा ही एक मंदिर, जिसे पंचेश्वर महादेव कहा जाता है। यह मंदिर उत्तराखंड के रानीखेत में गांधी चौक से सिर्फ  100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस मंदिर का नाम रानीखेत के प्रसिद्ध मंदिरों में आता है। पंचेश्वर महादेव मंदिर श्रद्धालुओं की अपार श्रद्धा का केंद्र है। श्रावण मास में यहां पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। इस दौरान शिव आराधना और जलाभिषेक सहित तमाम कार्यक्रमों का आयोजन भी होता है। कहते हैं कि भगवान शिव भक्तों को बाल रूप में दर्शन देते हैं। बाहरी पर्यटक भी मंदिर में आकर मत्था टेकना नहीं भूलते। ऐसा माना जाता है कि यह मंदिर 300 वर्ष पुराना है। भगवान शिव के लिंग पर चांदी की परत चढ़ाई गई है। इस मंदिर का पुनः निर्माण का कार्य 1986 में प्रारंभ किया गया था, जो 1992 में संपन्न हुआ था। मंदिर के रखरखाव का कार्य मंदिर के ट्रस्ट द्वारा किया जाता है। भगवान शिव के मंदिर की वास्तुकला उत्तराखंड के अन्य पुराने मंदिरों जैसी है। शिव मंदिर में भगवान राम परिवार और माता दुर्गा का मंदिर भी है। मंदिर के भीतर काली शिला की शक्ति पर शिवलिंग बना है। इसकी गहराई का किसी को भी अंदाजा नहीं है। आजादी से पहले यह मंदिर बद्रीनाथ को जाने वाले तीर्थयात्रियों का पड़ाव भी हुआ करता था। शिव मंदिर में यात्रियों के लिए धर्मशाला का भी निर्माण किया गया है। धर्मशाला में यात्रियों के लिए सभी सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। शिव मंदिर में सभी त्योहार मनाए जाते हैं विशेष कर शिवरात्रि, दुर्गा पूजा, नवरात्र के त्योहार पर विशेष पूजा का आयोजन किया जाता है। इस दिन मंदिर को फूलों व लाईट से सजाया जाता है। मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के दिल और दिमाग को शांति प्रदान करता है।   मंदिर के चारों और पेड़ों की हरियाली और मनमोहक दृश्य हर किसी का मन मोह लेते हैं। कोरोना महामारी ने सारी दुनिया में प्रकोप फैला रखा है, इसलिए इस बार मंदिर में श्रद्धालुओं को आने की अनुमति नहीं मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App