बिलासपुर में जन्माष्टमी पर  आए आठ नन्हे ‘कान्हा’

By: Aug 13th, 2020 12:20 am

जिला में खुशियों की सौगात लेकर आया महापर्व; तीन बेटियों ने लिया जन्म, खुशी से खिले चेहरे

स्टाफ रिपोर्टर- घुमारवीं-भगवान श्रीकृष्ण का जन्माष्टमी पर्व कई लोगों के घरों में खुशियों की सौगात लेकर आया। इस पावन बेला पर बिलासपुर जिला में 11 बच्चों की किलकारियां गूंजी हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बिलासपुर जिला में आठ कान्हा ने जन्म लिया है, जबकि तीन देवी स्वरूप बेटियां पैदा हुई हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में सात बच्चों ने जन्म लिया, जिनमें छह कान्हा तथा एक देवी स्वरूपा बालिका पैदा हुई है। एनआर अस्पताल चांदपुर में तीन बच्चे इस शुभ घड़ी में अवतरित हुए, जिनमें दो कान्हा व एक देवी है। ब्यास अस्पताल में एक देवी स्वरूपा बच्ची ने जन्म लिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के घरों में खुशी का माहौल है। लोग इन्हें भगवान का आशीर्वाद मानकर खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं, जिनमें कई परिजनों ने भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर जन्मे बच्चों का नामकरण भी इससे मिला-जुला रखने का मन बना लिया है।

जानकारी के मुताबिक जिला बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर  सात, एनआर अस्पताल चांदपुर में तीन, व्यास अस्पताल कोठी चौक में एक बच्चे ने जन्म लिया। परिजनों ने इसे श्रीकृष्ण का आशीर्वाद माना और उन्हें विशेष रूप से धन्यवाद दिया। वहीं, बेटियों के जन्म पर भी परिजन उन्हें देवी का स्वरूप मान रहे हैं। परिजन देवी स्वरूपा बेटियों के जन्म से खुश होकर भगवान की स्तुति कर रहे हैं। बेटों के परिजनों का कहना है कि उन्हें कान्हा ही मिल गए। वो तो कान्हा के नाम पर ही बच्चे का नाम रखेंगे। बच्चे को जन्म देने वाली माताओं ने जन्माष्टमी पर घर में कान्हा व देवी स्वरूप बेटियां पधारने पर खुशी जताई। घरों में नए मेहमान आने व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की डबल खुशी मना रहे हैं।  उधर,  क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के एमएस डा. नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल में सात बच्चों ने जन्म लिया। जिनमें छह बेटे व एक बेटी है।  वही, एनआर अस्पताल के एमडी डा. पंकज ने बताया कि इस दौरान तीन बच्चों ने जन्म लिया। जिनमें दो बेटे एक बेटी है। इस बारे व्यास अस्पताल के डा. अजय का कहना है कि इस दौरान अस्पताल में एक बेटी ने जन्म लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App