कोविड फंड में जुटे 81 करोड़ 92 लाख, 18 करोड़ 52 लाख बांटे

By: Aug 3rd, 2020 12:01 am

पारदर्शिता के लिए सरकार ने जारी किया ब्यौरा; 6463 लोगों ने ऑनलाइन, 3945 ने ऑफलाइन भेजी मदद

शिमला – राज्य के लोगों ने महामारी से निपटने में सरकार की बढ़-चढ़कर और उदारतापूर्वक मदद की। यही वजह है कि लोगों के सहयोग से राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष कोविड फंड में 15 जुलाई तक 819262087 रुपए प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 18,52,97,033 रुपए इस अवधि के दौरान विभिन्न जिलों और विभागों को जारी किए गए हैं। कुल 6,463 व्यक्तियों ने ऑनलाइन और 3945 व्यक्तियों ने ऑफलाइन माध्यम से अंशदान दिया है। इसमें उद्योगपति, व्यापारी, संगठन, पंचायत, महिला मंडल, व्यक्ति और वे विद्यार्थी भी शामिल हैं, जिन्होंने इस महान कार्य के लिए अपना जेब खर्च का पैसा भी कोविड फंड में दान दिया।

कोविड फंड में अंशदान देने वालों में बाबा बालक नाथ ट्रस्ट, हमीरपुर प्रमुख योगदानकर्ता हैं, जिन्होंने छह करोड़ रुपए का अंशदान दिया है। अन्य योगदानकर्ताओं में राधास्वामी सत्संग, प्रॉक्टर एंड गैंबल होम प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, मैनकाइंड फार्मा लिमिटेड, पिडिलाइट इंडस्ट्रीज, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हिमाचल सड़क परिवहन निगम, स्कूल शिक्षा बोर्ड, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम और हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने एक-एक करोड़ का अंशदान किया है। कोरोना काल में व्यक्ति सुरक्षा उपकरण किट कोविड-19 के खिलाफ जंग लड़ रहे विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन वॉरियर्स के लिए एक महत्त्वपूर्ण सुरक्षा कवच है।

इसके लिए पुलिस विभाग को दो करोड़, नगर निगम शिमला को एक करोड़, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा को 40 लाख, निदेशक पशुपालन को 20 लाख और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को पांच लाख दिए गए हैं। लॉकडाउन के दौरान हजारों हिमाचल निवासी दिल्ली और चंडीगढ़ में फंसे हुए थे। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इन व्यक्तियों के लिए ठहरने की व्यवस्था करने के लिए हिमाचल भवन चंडीगढ़ को दस लाख रुपए और हिमाचल भवन दिल्ली को पांच लाख दिए हैं।

फंसे लोगों को लाने पर खर्च किए लाखों

देश के विभिन्न हिस्सों से फंसे हुए लोगों को बसों, ट्रेन और हवाई माध्यम से घर वापस लाने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने विभिन्न सरकारी विभागों, एजेंसियों और व्यक्तियों को धनराशि प्रदान की। इसके लिए भारतीय रेलवे के विभिन्न ज़ोन के लिए 47,67,280 रुपए, हिमाचल पथ परिवहन निगम को 50205345 रुपए और चेन्नई निगम के आयुक्त को 771719 रुपए दिए गए हैं। तिरूवनंतपुरम से 31 व्यक्तियों को हिमाचल वापस लाने का किराया भी प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया गया है।

होमगार्ड्स की तैनाती के लिए इतने जारी हुए

होमगार्ड्स की तैनाती के लिए उपायुक्त कुल्लू को 10,27,000 रुपए, उपायुक्त चंबा को 23,40,000 रुपए, उपायुक्त किन्नौर को 16,50,000 रुपए और पुलिस महानिदेशक को 4,61,80,800 प्रदान किए गए हैं। सेनेटाइजर, मास्क आदि की खरीद के लिए मंडलायुक्त शिमला को 25 हजार रुपए, सचिवालय प्रशासन विभाग के सचिव को पांच लाख रुपए और नगर निगम आयुक्त, धर्मशाला को 20 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं। लोगों को क्वारंटाइन केंद्र पहुंचाने और क्वारंटाइन अवधि के पूरा होने के बाद वापस घर पहुंचाने हेतु बस सेवा प्रदान करने के लिए उपायुक्त चंबा को 50 लाख रुपए दिए गए हैं।

कोरोना पीडि़तों के दाह संस्कार के लिए दिए लाखों

कोरोना रोगियों के दाह संस्कार के लिए उपायुक्त शिमला को पांच लाख रुपए और कोरोना अवधि के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को 3,18,56,000 रुपए दिए गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेष सचिव, डीसी राणा के अनुसार 10 अप्रैल से 15 जुलाई तक विभिन्न दानदाताओं से कोविड-19 राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष में कुल 81,92,62,087 रुपए प्राप्त हुए हैं। कुल राशि में से 79,72,00,824 रुपए ऑफलाइन और 2,20,61,263 रुपए की राशि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई है। इसमें से विभिन्न जिलों, विभागों और संगठनों को 18,52,97,033 रुपए प्रदान किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App