कांगड़ा की हर योजना वक्त पर पूरी होगी, मुख्यमंत्री ने धर्मशाला पहुंचकर ली हर विधानसभा क्षेत्र के विकास की टोह

By: Aug 7th, 2020 12:05 am

धर्मशाला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पहली बार किसी जिला के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों व अधिकारियों को एक साथ बैठाकर विकास की टोह ली। बैठक में स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी और जल शक्ति विभाग पर विशेष फोकस रहा। अस्पतालों में खाली पदों का मामला कई विधायकों ने उठाया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाएं पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा की गई घोषणाओं के कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभिन्न विभागों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी घोषणाएं निर्धारित समय अवधि के भीतर लागू की जाएं। साथ ही विधायकों से इनकी निगरानी करने को कहा। राज्य का सबसे बड़ा जिला होने के नाते सरकार इसके विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

सीएम ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने राज्य में विकास की गति को प्रभावित किया है, लेकिन अब सरकार विभिन्न विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यद्यपि कांगड़ा राज्य का सबसे बड़ा जिला है, बावजूद इसके जिला प्रशासन कोविड-19 मामलों की संख्या को नियंत्रण में रखने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि आम जनता के बीच इस वायरस से जुड़े सामाजिक कलंक को दूर करने का भी प्रयास किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा घोषित सभी नई सड़कों और पुलों पर कार्य प्राथमिकता से किया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नाबार्ड, सीआरएफ आदि के अंतर्गत परियोजनाओं को पूरा करने को प्राथमिकता दी जाए।

विधायक प्राथमिकताओं को समय पर पूरा करने पर बल दिया जाए। उन्होंने एफआरए और एफसीए के विभिन्न मामलों की शीघ्र मंजूरी की आवश्यकता पर भी बल दिया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कांगड़ा जिले के विकास में गहरी रुचि के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी में भी मुख्यमंत्री ने जिले में विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए जिले का दौरा किया है।

भरे जाएंगे खाली पद

जयराम ठाकुर ने कहा कि जिला के स्वास्थ्य संस्थानों में डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ  के खाली पदों को जल्द से जल्द भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

बैठक में ये रहे मौजूद

उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री सरवीण चैधरी, वन मंत्री राकेश पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, सांसद किशन कपूर, इंदु गोस्वामी, विधायक विशाल नेहरिया, अरुण मेहरा, रीता देवी, अर्जुन सिंह, होशियार सिंह और मुल्खराज प्रेमी ने बैठक में भाग लिया और अपने क्षेत्र की विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बैठक की कार्रवाई का संचालन किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App