मुख्यमंत्री सुनना ही नहीं चाहते लोगों की समस्याएं, दुर्व्यहार पर भड़के कुलदीप राठौर

By: Aug 10th, 2020 12:06 am

शिमला – कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कांगड़ा प्रवास के दौरान जयसिंहपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा की गुंडागर्दी पर रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनना ही नहीं चाहते। स्थानीय लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की बदसलूकी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनते और अधिकारियों को दूर करने के उचित निर्देश देते।

प्रदेश में दिनोंदिन कोविड 19 के मामलों में बढ़ोतरी जहां एक ओर गहरी चिंता का विषय बनती जा रही है, वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मिशन रिपीट की राजनीति में डटे हैं। सरकार लोगों की समस्याओं से दूर भाग रही है। मुख्यमंत्री को प्रदेश की नहीं, अपनी राजनीति की चिंता ज्यादा है।

राठौर ने कहा है कि जब कांग्रेस लोगों की समस्याएं उठाती है, तो मुख्यमंत्री उन पर राजनीति करने का आरोप लगाते हैं और जब लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिलने का प्रयास करते हैं, तो उन्हें मिलने नहीं दिया जाता। मुख्यमंत्री का यह दोहरा चरित्र है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App