कोरोना की पहली वैक्सीन दुनिया के सामने, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने किया ऐलान

By: Aug 11th, 2020 3:16 pm

नई दिल्ली — रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को ऐलान किया कि उनके देश ने कोरोना वायरस की पहली वैक्सीन बना ली है। व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया कि ये दुनिया की पहली सफल कोरोना वायरस वैक्सीन है, जिसे रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। इतना ही नही, व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उनकी बेटी ने भी इस वैक्सीन को लिया है।

जानकारी के मुताबिक, इस वैक्सीन को मॉस्को के गामेल्या इंस्टीच्यूट ने डिवलेप किया है। मंगलवार को रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने वैक्सीन को सफल करार दिया। इसी के साथ व्लादिमीर पुतिन ने एलान किया कि रूस में जल्द ही इस वैक्सीन का प्रोडक्शन शुरू किया जाएगा और बड़ी संख्या में वैक्सीन की डोज़ बनाया जाएगा।

व्लादिमीर पुतिन ने बताया कि उनकी बेटी को कोरोना वायरस हुआ था, जिसके बाद उसे ये नई वैक्सीन दी गई। कुछ देर के लिए उसका तापमान बढ़ा, लेकिन अब वो बिल्कुल ठीक है।

आपको बता दें कि दुनिया में इस वक्त कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने का कई जगह ट्रायल चल रहा है। जानकारी के मुताबिक करीब 100 से अधिक वैक्सीन बनाने पर काम किया जा रहा है, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन, इजरायल, चीन, रूस व भारत जैसे देश शामिल हैं। भारत में कोरोना वायरस वैक्सीन अभी ह्यूमन ट्रायल स्टेज में है, ये वैक्सीन बनाने की दूसरी स्टेज है।

अब अगर रूस की ओर से किया गया ऐलान सही साबित होता है और डब्ल्यूएचओ की ओर से इस वैक्सीन को मंजूरी मिलती है, तो दुनियाभर के लिए ये एक बड़ी राहत साबित हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App