शिक्षा जगत की दो महान विभूतियां रिटायर

By: कार्यालय संवाददाता — नादौन Sep 28th, 2020 7:10 am

एडीपीओ मस्तराम बडयाल और शारीरिक शिक्षा उपनिदेशक राजेश ठाकुर सेवानिवृत्त

नादौन-शारीरिक शिक्षा जगत की दो महान विभूतियां 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रही हैं, जिन्होंने अपनी कर्मठता, कठोर परिश्रम, खेल प्रेम के बल पर स्वच्छ और बेदाग छवि बनाए रखते हुए कई वर्षों तक शिक्षा जगत को अलंकृत किया। नादौन के शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष करनैल सिंह राणा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राजकीय शारीरिक शिक्षक संघ की हमीरपुर जिला इकाई द्वारा प्रदेश अध्यक्ष व एडीपीओ हमीरपुर मस्तराम बडयाल और शारीरिक शिक्षा उपनिदेशक राजेश ठाकुर के सम्मान में उनकी सेवानिवृत्ति से पूर्व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शारीरिक संघ हमीरपुर द्वारा इन दोनों को टोपी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इन दोनों का खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचल के लिए महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है और इन दोनों के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश की टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर उच्चतम प्रदर्शन भी किया है।

उन्होंने कहा कि मस्तराम बडयाल पिछले कई वर्षों से हमीरपुर के एडीपीओ पद पर कार्यरत हैं और उनके नेतृत्व में जिला हमीरपुर खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अग्रणी रहा है। इनके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल को खेलों में एक अलग पहचान प्राप्त हुई है, जो कि हमीरपुर और हिमाचल के लिए गौरव का विषय है। इसके अतिरिक्त राजेश ठाकुर हाकी के एक उच्च कोटि के खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया है। अंत में इन दोनों ने शारीरिक शिक्षक संघ के सभी शारीरिक शिक्षकों को उनके लिए किए गए इस उत्तम कार्यक्रम हेतु धन्यवाद दिया और छात्रों, शारीरिक शिक्षकों के हितों हेतु हमेशा सक्रिय रहने का आश्वासन भी दिया। इस उपलक्ष्य पर जिला के शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App