बदलते मौसम में एलर्जी

By: Dec 5th, 2020 12:16 am

बदलते मौसम में अकसर पराग-कणों के कारण एलर्जी की शिकायत होती है। एलर्जी एक ऐसी समस्या है, जो अकसर हमें परेशान करती है। यह किसी भी खाद्य पदार्थ, कपड़ों, मौसम के बदलाव या आनुवंशिकता की वजह से हो सकती है। धूल-मिट्टी, धुआं, पालतू पशु जैसे कुत्ता, बिल्ली, खरगोश के अलावा फूलों के पराग-कण या एलोपैथिक दवाओं के रिएक्शंस से किसी को भी यह समस्या हो सकती है। ऐसे में समय रहते ही सजग होने की जरूरत है। अकसर हम एलर्जी को बदलते मौसम से जुड़ी मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, मगर कई बार हल्की समस्या कई गंभीर बीमारियों का सबब बन जाती है।

एलर्जी के सामान्य लक्षण-  सर्दी-जुकाम, खुजली और सिरदर्द, इसके प्रमुख लक्षण हैं। कंजक्टिवाइटिस एलर्जी धूल, धुएं, कांटेक्ट लेंस और सौंदर्य प्रसाधनों के इस्तेमाल से हो सकती है। इससे आंखों में लाली, पानी आना, जलन और खुजली जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं। कुछ लोगों को पूरे शरीर में एलर्जी हो जाती है। इसके अलग-अलग लक्षण देखने को मिलते हैं। जैसे पेट में दर्द, उल्टी आना, त्वचा पर रेशेज आदि। स्किन एलर्जी में त्वचा पर लाल रंग के रेशेज, खुजली, चकत्ते और दाने निकलना इसके प्रमुख लक्षण हैं।

अपनाएं ये उपचार- एलर्जी से बचने के लिए अपने घर और उसके आसपास गंदगी न होने दें। एकदम गर्म से ठंडे और ठंडे से गर्म वातावरण में न जाएं, अचानक से शरीर का तापमान बदलने से एलर्जी की समस्या हो सकती है। घर से बाहर निकलते समय मुंह और नाक पर रूमाल बांधें, आंखों पर धूप का चश्मा लगाएं। धूल-मिट्टी से बचें। यदि ऐसे प्रदूषित वातावरण में काम करना जरूरी हो तो फेस मास्क पहनना न भूलें। एलर्जी की समस्या से बचने व इसे दूर करने के लिए घर में ही मौजूद अदरक, काली मिर्च, तुलसी के पत्ते, लौंग व मिसरी को मिलाकर बनाई गई हर्बल चाय पीनी चाहिए। इस चाय से न सिर्फ  एलर्जी से निजात मिलती है, बल्कि एनर्जी भी मिलती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App