पंचायत चुनावों में पिट गए विधायक-सीएम के हनुमान

By: Jan 24th, 2021 12:44 am

दिव्य हिमाचल टीम-मंडी, गागल
राजनीतिक धरातल पर हॉट सीट बनी बल्ह विकास खंड की जिला परिषद भडय़ाल सीट पर भाजपा बागी पाल वर्मा की विजय ने भाजपा मंडल, विधायक व खुद को मुख्यमंत्री का हनुमान मानने वालों को चारों खाने चित कर दिया है। पंचायत चुनावों में बल्ह भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन निहाल चंद की अपनी पंचायत में कांग्रेस की जीत हुई है तो वहीं भडय़ाल वार्ड में भाजपा करारी हार मिली है। संगठन के नाम पर थौपे गए फैसले को भडय़ाल वार्ड की जनता ने अस्वीकार करते हुए बड़बोले व दौलत के नशे में चूर हो चुके नेताओं को पाल की जीत से साथ गहरा सबक दिया है। इस वार्ड से भाजपा प्रत्याशी को जीताने के लिए दिन रात एक करने वाले बल्ह के विधायक व मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन निहाल चंद की जनता ने नहीं सुनी है। कांग्रेस इस वार्ड से दूसरे तो भाजपा तीसरे स्थान पर रही है। हालांकि कांग्रेस को काफी कम वोट इस वार्ड से मिले हैं।

जो कि कांग्रेस प्रत्याशी के चयन को लेकर भी सवाल खड़ा करता है। बता दें कि बल्ह का भडय़ाल वार्ड जिप के थौना व ग्रयोह वार्ड की तरह ही चर्चाओं में था। यहां भाजपा ने डिंपल सैणी को अपना प्रत्याशी बनाया था। जिस पर भाजयुमो के नेता व कई पदों पर काम कर चुके अधिवक्ता पाल वर्मा बागी होकर मैदान में कूद गए थे। जबकि कांग्रेस से योगेश सैणी प्रत्याशी थे। डिंपल सैणी की जीत के लिए विधायक, मंडल अध्यक्ष और मिल्क फेड चेयरमैन के अलावा अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पूरा जोर लगाया हुआ था। जबकि भाजपा का बाकी संगठन पाल वर्मा की तरफ था। इस सीट की गंूज शिमला तक भी गई थी, लेकिन इसके बाद भी पाल वर्मा ने ही इस वार्ड से जीत दर्ज कर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का जबाब दिया है। जिससे अब पार्टी व बल्ह के तारणहारों की छवि धूमिल हुई है। जबकि पाल वर्मा को पार्टी की अब तक की सेवा व अपने रसूख का फायदा मिला है। वहीं दूसरी तरफ पाल वर्मा को पड़े 6920 वोट और अनिल सैनी को पड़े 4637 वोटों का कुल योग 11557 वोट भाजपा के समर्थन को ही दर्शाता है। जिसके विरुद्ध कांग्रेस समर्थित योगेश सैनी को पड़े 5193 वोट भाजपा के कुल वोटों से आधे से भी कम ही बनते हैं जो कांग्रेस के लिए किसी भी प्रकार से अच्छी स्थिति नही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App