दिल्ली के लिए एचआरटीसी बस फिर बंद; प्रदेश से न चलेंगी ऑर्डिनरी, न ही वॉल्वो बसें

By: Jan 27th, 2021 12:12 am

किसान आंदोलन के चलते फिर ऑपरेशन बंद; प्रदेश से न चलेंगी ऑर्डिनरी, न ही वॉल्वो बसें

कार्यालय संवाददाता — शिमला

हिमाचल पथ परिवहन निगम का दिल्ली के लिए बस ऑपरेशन बंद हो गया है। दिल्ली में किसानों की रैली के चलते पथ परिवहन निगम ने यह ऑपरेशन बंद किया है। निगम प्रबंधन ने दिल्ली के लिए चलने वाली साधारण बसों सहित वॉल्वो बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। सोमवार को निगम की कोई भी बस दिल्ली के लिए रवाना नहीं हुई है। एचआरटीसी द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली के लिए साधारण बसें भेजी जा रही हैं। इसके अलावा शिमला, मनाली, धर्मशाला, कुल्लू व हमीरपुर के लिए वॉल्वो बस सेवा भी प्रदान की जा रही है, मगर दिल्ली में किसानों की प्रस्तावित रैली को देखते हुए निगम प्रबंधन ने सोमवार से दिल्ली के लिए बसों का ऑपरेशन पूरी तरह बंद कर दिया है। उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन के बाद से दिल्ली के लिए बसों का ऑपरेशन बंद हो गया था।

 जानकारी के अनुसार लॉकडाउन खत्म होने के बाद प्रदेश से कई स्थानों के लिए बसों की आवाजाही बहाल कर दी गई थी, मगर दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली के लिए बसों के संचालन पर प्रतिबंध लागू रखा गया था। प्रतिबंध हटने के बाद दिल्ली के लिए बसों की आवाजाही बहाल हुई थी। साधारण बसों की आवाजाही के बाद निगम ने यहां के लिए वॉल्वो बसों का संचालन भी शुरू कर दिया था। दिल्ली में किसान आंदोलन के चलते दिल्ली के लिए बसों की आवाजाही बंद हो गई थी, लेकिन हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा दिल्ली के लिए वाया शहादरा होकर बसें भेजी जा रही हैं। मौजूदा समय में भी निगम द्वारा दिल्ली के लिए वाया शहादरा होकर ही बसों का संचालन किया जा रहा है। निगम प्रबंधन द्वारा दिल्ली के लिए 30 के करीब बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनका ऑपरेशन 27 जनवरी शाम तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

स्थिति देखने के बाद ही लेंगे फैसला

एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि किसान आंदोलन के चलते दिल्ली के लिए बसों का ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। 27 जनवरी शाम तक दिल्ली के लिए कोई बस नहीं भेजी जाएगी। स्थिति का जायजा लेने के बाद ही दिल्ली के लिए बसों की आवाजाही का निर्णय लिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App