सड़क सुरक्षा अभियान को बनाएं जन आंदोलन

By: Jan 25th, 2021 12:10 am

‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने किया लोगों का आह्वान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — कुल्लू
सड़क सुरक्षा अभियान को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को सड़क सुरक्षा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए और इसे अपने स्वभाव में ढालना चाहिए। ऐसा करने से सड़कों में जान गवाने वालों की संख्या में अप्रत्याशित कमी आएगी। सड़क दुर्घटनाएं नाममात्र रह जाएंगी। यह बात शिक्षा, कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शनिवार को कुल्लू के ऐतिहासिक रथ मैदान में सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा थीम पर जिला स्तरीय राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान की अध्यक्षता करते हुए कही। मंत्री ने कहा कि मनुष्य जीवन लाखों योनियों में जन्म लेने के उपरांत मिलता है और इस बहुमूल्य जिंदगी को यूं ही सड़कों पर समाप्त नहीं किया जा सकता। सड़क पर हर रोज जितने लोग अपनी जान गंवा देते हैं, इतनी जानें किसी महामारी में भी नहीं जातीं। मंत्री ने ट्रक यूनियन, बस आप्रेटर्ज, टैक्सी यूनियन, रिक्शा व अन्य वाहन एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से समय-समय पर सड़क सुरक्षा के बारे में शिविरों का आयोजन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी चालकों का एक निश्चित अंतराल में मेडिकल परीक्षण किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 96.04 प्रतिशत दुर्घटनाएं मनुष्य की गलती के कारण होती हैं। केवल चार प्रतिशत दुर्घटनाएं खराब सड़कों, ब्लैक होल अथवा अन्य कारणों से होती हैं। इन 96 प्रतिशत दुर्घटनाओं को होने से बचाया जा सकता है। यह सब चालकों के हाथ में हैं।

प्रदेश में सबसे कम सड़क दुर्घटनाएं
कुल्लू। प्रदेश में सबसे कम सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। यहां पर यातायात नियमों को लेकर लोग जागरूक हैं। कुल्लू में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि एक सर्वेक्षण के अनुसार भारत में हर रोज 1214 लोग सड़क दुर्घटनाओं में काल का ग्रास बन जाते हैं। हिमाचल के परिपेक्ष्य में उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में 2039 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 892 लोगों ने अपनी जान गवां दी। 3224 घायल हुए। ओवर स्पीड में 1400 दुर्घटनाएं घटीं, सड़क पर अट्ठखेलियां करते समय 239 युवाओं ने दुर्घटनाएं की, लेन बदलते हुए 102 तथा ओवरटेकिंग के कारण 117 दुर्घटनाएं रिकार्ड की गई हैं। कुल्लू जिला में इसी अवधि में 163 दुर्घटनाएं हुईं और 53 लोग काल का ग्रास बनें। लॉकडाउन के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 50 प्रतिशत फीसदी की कमी दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App