राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रचा इतिहास, पहली बार प्रशासन में 20 भारतीय-अमरीकी नामित

By: Jan 18th, 2021 12:10 am

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इतिहास रचा है। 20 जनवरी को शपथ लेने जा रहे बाइडेन ने अपने प्रशासन में अहम पदों पर 13 महिलाओं समेत कम से कम 20 भारतीय-अमरीकियों को नामित किया है। इन 20 भारतीय-अमरीकियों में से कम से कम 17 लोग शक्तिशाली व्हाइट हाउस में अहम पद संभालेंगे। अमरीका की कुल आबादी का एक प्रतिशत भारतीय-अमरीकी हैं और इस छोटे समुदाय से किसी प्रशासन में पहली बार इतनी अधिक संख्या में लोगों को नियुक्त किया जाएगा।

बाइडेन 20 जनवरी को अमरीका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे और इसी दिन कमला हैरिस शपथ ग्रहण करके देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालेंगी। हैरिस अमरीका में भारतीय मूल की पहली उपराष्ट्रपति होंगी। वह यह कार्यभार संभालने वाली पहली अफ्रीकी-अमरीकी भी होंगी। बाइडेन के प्रशासन में सबसे ऊपर नीरा टंडन और डा. विवेक मूर्ति हैं। बाइडेन प्रशासन में व्हाइट हाउस कार्यालय के प्रबंधन एवं बजट के निदेशक के तौर पर टंडन और अमरीकी सर्जन जनरल के तौर पर डा. विवेक मूर्ति को नामित किया गया है। वनीता गुप्ता को विधि मंत्रालय की एसोसिएट अटॉर्नी जनरल नामित किया गया है। बाइडेन ने शनिवार को विदेश सेवा की पूर्व अधिकारी उजरा जेया को असैन्य सुरक्षा, लोकतंत्र एवं मानवाधिकार के लिए अवर विदेश मंत्री नियुक्त किया। माला अडिगा को भावी प्रथम महिला डा. जिल बाइडेन की नीति निदेशक और गरिमा वर्मा को प्रथम महिला के कार्यालय की डिजिटल निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि सबरीना सिंह को उनकी उप प्रेस मंत्री नियुक्त किया गया है। व्हाइट हाउस में पहली बार ऐसे दो भारतीय-अमरीकियों को स्थान दिया गया है, जो मूल रूप से कश्मीर से संबंध रखते हैं। इनमें आयशा शाह को व्हाइट हाउस कार्यालय की डिजिटल रणनीति की ‘पार्टनरशिप मैनेजर’ और समीरा फाजली को व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रीय आर्थिक परिषद् की उप निदेशक नामित किया गया है।

व्हाइट हाउस राष्ट्रीय आर्थिक परिषद् में एक अन्य भारतीय अमरीकी भारत राममूर्ति को उपनिदेशक नियुक्त किया गया है। गौतम राघवन को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति कार्मिक कार्यालय में उप निदेशक नामित किया गया है। विनय रेड्डी को बाइडेन का भाषण निदेशक नामित किया गया है। वेदांत पटेल राष्ट्रपति के सहायक प्रेस मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। तीन भारतीय अमरीकियों को व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में नामित किया गया है। तरुण छाबड़ा को प्रौद्योगिकी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा का वरिष्ठ निदेशक, सुमोना गुहा को दक्षिण एशिया के लिए वरिष्ठ निदेशक और शांति कलाथिल को लोकतंत्र एवं मानवाधिकार समन्यवय नियुक्त किया गया है। इनके अलावा सोनिया अग्रवाल को व्हाइट हाउस में घरेलू पर्यावरण नीति कार्यालय में पर्यावरणीय नीति एवं नवोन्मेष की वरिष्ठ सलाहकार और विदुर शर्मा को व्हाइट हाउस कोविड-19 कार्रवाई दल में जांच के लिए नीति सलाहकार नामित किया गया हौ। दो भारतीय अमरीकी महिलाओं को व्हाइट हाउस मंत्रणा कार्यालय में नियुक्त किया गया है। नेहा गुप्ता को एसोसिएट काउन्सल और रीमा शाह को डिप्टी एसोसिएट काउन्सल नियुक्त किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App