सांस फूलने की समस्या

By: Jan 23rd, 2021 12:18 am

कभी दौड़ के आने के बाद हमारी सांस फूलती है, तो कभी सीढि़यां चढ़ने या किसी काम को करने में हमारी सांस फूलने लगती है। पर किसी को भी अगर ये परेशानी है, तो ये इस बात का संकेत है कि आप एक खराब लाइफ स्टाइल फॉलो कर रहे हैं।  कोई भी व्यक्ति अगर एक खराब लाइफ स्टाइल फॉलो कर रहा है, तो फिटनेस की कमी के कारण उसे सांस फूलने की परेशानी हो सकती है…

सांस फूलने की समस्या बहुत आम है और इसे लोग अकसर अपने रोजमर्रा की जिंदगी में अनुभव करते हैं। जैसे कि कभी दौड़ के आने के बाद हमारी सांस फूलती है, तो कभी सीढि़यां चढ़ने या किसी काम को करने में हमारी सांस फूलने लगती है। पर किसी को भी अगर ये परेशानी है, तो यह इस बात का संकेत है कि आप एक खराब लाइफ स्टाइल फॉलो कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति अगर एक खराब लाइफ स्टाइल फॉलो कर रहा है, तो फिटनेस की कमी के कारण उसे सांस फूलने की परेशानी हो सकती है। इसी तरह अगर महिलाओं को सांस फूलने की परेशानी है, तो वो शरीर में खून की कमी यानी कि एनीमिया के कारण हो सकता है। इसके अलावा सांस फूलने का सबसे आम कारण है मोटापा। अगर किसी को इन आम कारणों के अलावा सांस फूलने की परेशानी है, तो ये स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर परेशानियों की ओर संकेत करता है।

फेफड़ों से जुड़ी परेशानी

सांस फूलने के कुछ गंभीर कारणों की बात करें, तो उसमें हमारे दिल और फेफड़ों से जुड़ी गड़बडि़यां शामिल हो सकती हैं। जैसे कि दमा या अस्थमा सूजन और वायुमार्ग की संकीर्णता पैदा कर सकता है, जिसके चलते सांस लेने में कठिनाई होती है। निमोनिया फेफड़ों का संक्रमण है, जो सूजन और फेफड़ों में तरल पदार्थ और मवाद का निर्माण कर सकता है। ये काफी संक्रामक होता है, जिसके चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगती है।

दिल से जुड़ी परेशानी

अगर किसी को दिल से जुड़ी कोई बीमरी है, तो उसे भी सांस फूलने की परेशानी हो सकती है। अगर किसी को हार्ट में ब्लॉकेज रहता है, तो भी काम करते या चलते वक्त सांस फूल सकता है। हार्ट का वाल्व खराब होने पर भी लोगों को सांस फूलने की परेशानी हो जाती है। हार्ट की पंपिंग सिस्टम खराब हो, तो भी सांस फूलने की परेशानी होती है। इसके अलावा किसी को हार्ट फेल्योर, हार्ट अटैक या दिल में सूजन से जुड़ी परेशानी रहती है, तब भी सांस फूलने लगता है।

अन्य कारण

दिल और फेफड़े के अलावा भी कई कारणों से लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। जैसे कि अगर कोई स्मोक करता है या उसमें हिमोग्लोबिन का स्तर कम है, तो भी उसे सांस लेने में परेशानी हो सकती है।  इसी तरह उन लोगों को भी सांस फूलने की दिक्कत हो सकती है, जिन्हें डस्ट एलर्जी हो या पराग से एलर्जी हो। तनाव और चिंता में रहते हों और उन्हें गंभीर एंग्जायटी हो। ऊंचाई पर चढ़ने से आक्सीजन की कमी महसूस होती हो।

उपाय

सांस फूलने से बचने का सबसे आसान उपाय ये है कि आप अपने जीवनशैली को ठीक करें। सही डाइट लें और अपने वजन के बढ़ने का खास ख्याल रखें, क्योंकि मोटापे के कारण आपकी सांस फूल सकती है। इसलिए खूब फल और सब्जियां खाएं, ज्यादा चीनी और नमक खाने से बचें। हर्बल टी लें जो कि माइंड और शरीर डिटॉक्स करे। खूब पानी पिएं। रोज एक्सरसाइज और योग करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App