मैहला बीडीसी पर भाजपा का कब्जा

By: Feb 1st, 2021 12:24 am

पंचायत समिति में गिलमा देवी को अध्यक्ष और सूरज शर्मा बने उपाध्यक्ष

निजी संवाददाता-मैहला

पंचायत समिति मैहला की सत्ता पर भाजपा ने फिर से कब्जा कर लिया है। रविवार को संपन्न पंचायत समिति मैहला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सदस्यों ने एकतरफा जीत हासिल की। पंचायत समिति के अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित गिलमा देवी व उपाध्यक्ष पद पर सूरज शर्मा विजेता रहे। चुनावी प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी एवं एसडीएम सदर शिवम प्रताप सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर पार्टी समर्थित सदस्यों की जीत के साथ ही भाजपा जश्न में डूब गई है। इस मौके पर सदर विधायक पवन नैयर और भरमौर के विधायक जियालाल कपूर विशेष तौर से मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया में तमाम इक्कीस सदस्यों ने हिस्सा लिया। रविवार को संपन्न पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित गिलमा देवी व सूरज शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इन दोनों की दावेदारी को कांग्रेस समर्थित नैनो देवी व कमलेश कुमार ने चुनौती दी। इसके चलते अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान करवाया गया।

मतदान प्रक्रिया के दौरान अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित भडियां-जटकरी सीट की सदस्य गिलमा देवी को सोलह और कांग्रेस समर्थित सुनारा- लोथल की सदस्य नैनो देवी को पांच मत मिले। पंचायत समिति के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा समर्थित छतराडी- कूंर के भाजपा समर्थित सदस्य सूरज शर्मा को भी सोलह और कांग्रेस समर्थित मैहला- दाडवीं सीट के सदस्य कमलेश कुमार को पांच मत हासिल हुए। मतदान के बाद घोषित नतीजे में गिलमा देवी व सूरज शर्मा ने अपने प्रतिद्धंद्धियों को 11-11 मतों से हराकर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद हासिल किया। भरमौर के विधायक जियालाल कपूर व सदर विधायक पवन नैयर ने कहा कि ग्रामीण संसद के चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ  होना दर्शाता है कि जनता ने भाजपा सरकार के कामकाज पर सराहा है। उन्होंने कहा कि चंबा, भटियात, सलूणी व तीसा के बाद मैहला पंचायत समिति में भी भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उधर, एसडीएम सदर कम पीठासीन अधिकारी शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि पंचायत समिति मैहला के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न करवा लिए हैं। उन्होंने बताया कि गिलमा देवी को समिति का अध्यक्ष और सूरज शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पद व गोपनीयता की शपथ भी दिला दी गई हैं।

जीत मिलते ही जश्न में डूबी भाजपा

पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर पार्टी समर्थित सदस्यों की जीत के साथ ही भाजपा जश्न में डूब गई है। इस मौके पर सदर विधायक पवन नैयर और भरमौर के विधायक जियालाल कपूर विशेष तौर से मौजूद रहे। समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया में तमाम इक्कीस सदस्यों ने हिस्सा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App