कोरोना के 11,831 नए मामले, सक्रिय मामलों में गिरावट, कहां तक पहुंचा आंकड़ा, जानें

By: Feb 8th, 2021 1:40 pm

नई दिल्ली — देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 11,831 नए मामले सामने आए, हालांकि स्वास्थ होने वालों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रहने से सक्रिय मामलों में गिरावट रही। इस बीच देश में अब तक 58 लाख 12 हजार 362 लोगों का कोविड-19 टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ आठ लाख 38 हजार से अधिक हो गया है।

इसी दौरान 11,904 मरीज स्वस्थ हुए, जिसके साथ कोरोनामुक्त होने वालों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 34 हजार 505 हो गई है, वहीं सक्रिय मामले 157 घटकर 1,48,609 रह गए। इस बीमारी से होने वाली दैनिक मौतों की संख्या तीसरे दिन भी 100 से नीचे रही तथा इस अवधि में 84 मरीजों की मौत हो गई और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख 55 हजार 80 हो गया। इससे पहले रविवार को 78 और शनिवार को 95 मरीजों की जान गई थी। देश में रिकवरी दर अभी 97.20 और सक्रिय मामलों की दर 1.37 तथा मृत्युदर 1.43 फीसदी है।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 1021 सक्रिय मामले बढ़े हैं और इनकी संख्या अब 37,213 हो गई है। कोरोना महामारी से अब तक हरियाणा में 3029, राजस्थान में 2772, जम्मू-कश्मीर में 1944, ओडिशा में 1909, उत्तराखंड में 1668, असम में 1084, झारखंड में 1078, हिमाचल प्रदेश में 984, गोवा में 772, पुड्डुचेरी में 654, त्रिपुरा में 391, मणिपुर में 373, चंडीगढ़ में 340, मेघालय में 147, सिक्किम में 135, लद्दाख में 130, नागालैंड में 88, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में 62, अरुणाचल प्रदेश में 56, मिजोरम में नौ तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App