कल्पा में टूटा 28 साल का रिकॉर्ड

By: Feb 23rd, 2021 12:01 am

अधिकतम तापमान 19 डिग्री, ग्लोबल वार्मिंग का दिख रहा असर

स्टाफ रिपोर्टर – शिमला

ग्लोबल वार्मिंग का असर अब पहाड़ी क्षेत्रों में साफ दिखना शुरू हो गया है। कल्पा में अधिकतम तापमान ने 28 साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां का तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। इससे पहले 11 फरवरी, 1993 में कल्पा का अधिकतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने 23 से 28 फरवरी तक पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिलों में सर्दियों में भी तापमान में हर साल बढ़ोतरी होने लगी है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। गौर हो कि इस बार बारिश-बर्फबारी बीते सालों की अपेक्षा काफी कम हुई है, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

 तापमान बढ़ने के पीछे कहीं न कहीं ग्लोबल वार्मिंग का असर है, जिसके चलते तापमान में इस तरह बदलाव हो रहे हैं। तापमान में इस तरह के बदलाव से प्रदेश में बर्फबारी भी समय पर नहीं हो रही है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में 23 से 28 फरवरी को बारिश ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। बीते कुछ दिनों से मौसम साफ रहने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। तापमान में बदलाव का पर्यावरण पर भी असर देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग निदेशक मनमोहन सिंह ने कि इस सीजन में बारिश और बर्फबारी कम हुई है, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, कल्पा में बीते दिन तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जबकि फरवरी महीने में 28 साल बाद इतना तापमान रिकॉर्ड किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App