स्वारघाट में भाजपा सरदार…घुमारवीं में इंतजार

By: Feb 3rd, 2021 12:23 am

किरण कुमारी बीडीसी की अध्यक्ष-विजय कुमार उपाध्यक्ष, कोरम अधूरा होने से नहीं बनी सहमति

निजी संवाददाता—स्वारघाट

नयनादेवी के पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने जिला परिषद की तीन सीटें जीताने के बाद अब नयनादेवी में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी बाजी मारते हुए कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। विकास खंड स्वारघाट में बीडीसी के लिए अध्यक्ष भाजपा समर्थित किरण कुमारी बनी है, तो वहीं उपाध्यक्ष भी भाजपा समर्थित विजय कुमार बने हैं। स्वारघाट विकास खंड में बीडीसी की कुल 15 सीटें हैं। मंगलवार को विकास खंड नयनादेवी स्थित स्वारघाट के लिए बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव वोटिंग के माध्यम से हुआ। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित किरण कुमारी और कांग्रेस समर्थित सपना देवी तो वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित विजय कुमार व कांग्रेस समर्थित सुनीता देवी के लिए वोटिंग हुई।

अध्यक्ष पद के लिए किरण कुमारी पत्नी सोमनाथ निवासी गांव स्वाहण और सपना देवी पत्नी महेंद्र सिंह निवासी दुलहेत में कांटे की टक्कर हुई। चुनाव में दोनों उम्मीदवारों को सात-सात मत पड़े, जबकि एक वोट रद्द हुआ। मुकाबला टाई होने पर पर्ची सिस्टम से चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें किरण कुमारी को विजेता घोषित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उमीदवार  विजय कुमार पुत्र पुन्नू राम निवासी गांव भटेड को कुल दस वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित सुनीता देवी निवासी इल्लेवाल (ग्वालथाई) को कुल पांच वोट पड़े। इस तरह भाजपा समर्थित विजय कुमार इस चुनाव में स्पष्ट रूप से विजयी रहे। बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा की जीत के बाद नयनादेवी विस के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा दोनों को बधाई देने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज के चुनाव से स्पष्ट हुआ है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। जनता ने जो जनादेश भाजपा को दिया था चाहे वह नगर परिषद की बात हो या पंचायत समिति की, परंतु कांग्रेस पार्टी के नेता जनता के उस जनादेश का अपमान और खरीदने की कोशिश करते है, परंतु आज सत्य की जीत होने से साबित होता है कि सत्य की हमेशा जीत होती है। उन्होंने किरण कुमारी और विजय कुमार को बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App